ढाका एयरक्राफ्ट हादसा: बच्चों की चीख-पुकार, 20 की मौत, 171 घायल
बांग्लादेश के ढाका में वायुसेना का एक ट्रेनिंग विमान सोमवार, 21 जुलाई 2025 को दोपहर में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज की इमारत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई और 171 अन्य घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
माइलस्टोन कॉलेज के 19 वर्षीय छात्र माहिन ने हादसे के वक्त की अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया, “हम 7वीं मंजिल पर क्लास में थे, जैसे ही हादसा हुआ, हम दौड़कर नीचे आए और बचाव कार्य में जुट गए। हमने कई बच्चों को स्कूल से झुलसे हुए बाहर निकलते देखा और घायलों की मदद की।” बचाव के दौरान माहिन खुद बेहोश हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
घटना के तुरंत बाद उत्तरा आधुनिक अस्पताल में घायलों को लाया जाने लगा। अस्पताल के उप निदेशक डॉ. मोहम्मद बजलुर रहमान ने बताया कि घायलों का आना दोपहर 1:50 बजे से शुरू हुआ, जिनमें ज्यादातर 12 से 16 वर्ष की उम्र के छात्र थे। उन्होंने कहा, “बच्चों के चेहरे और शरीर बुरी तरह झुलसे हुए थे। हमने तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार देना शुरू किया और बाद में बर्न यूनिट में भेजा।” अस्पताल के बाहर बच्चों के परिजन, पड़ोसी और रिश्तेदार घायलों को खोजने के लिए दौड़ते नजर आए। वहां चारों ओर चीख-पुकार और रोते-बिलखते लोगों की भीड़ जुट गई।
60 पीड़ितों को ढाका मेडिकल कॉलेज भेजा गया
मेडिकल छात्र फैसल अहमद सरकार ने बताया, “जैसे ही हमें खबर मिली, हम अस्पताल पहुंच गए। अगर रक्तदान की जरूरत होती तो हम तुरंत तैयार थे।” हादसे में गंभीर रूप से झुलसे लगभग 60 पीड़ितों को ढाका मेडिकल कॉलेज और नेशनल बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी संस्थान भेजा गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक ब्लड की जरूरत नहीं पड़ी क्योंकि घायलों को पहले ही बेहतर सुविधाओं वाले अस्पतालों में ट्रांसफर कर दिया गया था।
रफीकुल इस्लाम की पीड़ा
रफीकुल इस्लाम की भतीजी आफिया, जो तीसरी कक्षा की छात्रा है, हादसे के बाद से लापता है। रफीकुल ने रोते हुए कहा, “वो अब तक नहीं मिली है। हम हर जगह उसे ढूंढ रहे हैं, उम्मीद है वह सुरक्षित होगी।” इस दर्दनाक हादसे के बाद ढाका शहर में शोक और सन्नाटा छा गया है। अधिकारियों ने बताया कि वायुसेना और आपातकालीन सेवाएं मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।
Global Express Live