Breaking News

क्या भारत खरीदेगा तुर्किए का S-400 एयर डिफेंस सिस्टम? जानें क्यों बढ़ी चर्चाएँ

भारत खरीद सकता है तुर्किए के S-400 एयर डिफेंस सिस्टम?

तुर्किए ने पहले रूस से S-400 एयर डिफेंस सिस्टम खरीदा था, जिससे उसे अमेरिका की नाराजगी झेलनी पड़ी थी। अमेरिका ने तुर्किए को दुनिया के सबसे एडवांस्ड माने जाने वाले पांचवीं पीढ़ी के फाइटर जेट F-35 देने से मना कर दिया था। इसके बाद से ही ऐसी चर्चाएँ शुरू हुईं कि एर्दोगन चाहते हैं कि रूसी S-400 एयर डिफेंस सिस्टम को बेच दिया जाए ताकि अमेरिका F-35 डील में तुर्किए के साथ आनाकानी न करे।

पहले भी ऐसी आशंका जताई गई थी कि तुर्किए अपना S-400 सिस्टम पाकिस्तान को बेच सकता है, लेकिन बाद में इसका खंडन किया गया। अब चर्चा है कि यह सिस्टम भारत खरीद सकता है। हालांकि तुर्किए ने कई बार स्पष्ट किया है कि वह अपना S-400 मिसाइल सिस्टम नहीं बेचेगा। रूस ने साल 2019 में तुर्किए को S-400 की डिलीवरी दी थी। 2.5 अरब डॉलर के इस समझौते में तुर्किए को दो रेजिमेंट मिली थीं।

S-400 को लेकर चर्चा कैसे शुरू हुई?
भारत द्वारा तुर्किए के S-400 एयर डिफेंस सिस्टम को खरीदने की चर्चा तब शुरू हुई जब खबर आई कि रूस ने S-400 को वापस खरीदने का प्रस्ताव रखा है। इसके बाद रूस इसे किसी तीसरे देश को निर्यात कर सकता है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि NATO देश इसे रूस के हथियारों के निर्यात के तौर पर नहीं देखेंगे क्योंकि रूस इसे किसी अन्य देश को बेच देगा।

इस खबर के बाद यह अनुमान लगाया गया कि रूस इस सिस्टम को अपग्रेड करके भारत को भेज सकता है, क्योंकि भारत और रूस के बीच S-400 की डिलीवरी काफी समय से रुकी हुई है। हालांकि, तुर्किए और रूस ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। तुर्किए के रक्षा मंत्री ने मई 2024 में कहा था कि उनका देश अपना S-400 मिसाइल सिस्टम किसी को नहीं बेचेगा।

रूस से भारत को 2 यूनिट की डिलीवरी अटकी
भारत ने साल 2018 में रूस के साथ S-400 एयर डिफेंस सिस्टम की डील की थी और इसे भारत में ‘सुदर्शन चक्र’ नाम दिया गया। भारत ने रूस के साथ 5 अरब डॉलर में 5 यूनिट खरीदी थीं, जिनमें से केवल 3 यूनिट की डिलीवरी हो पाई है। यूक्रेन युद्ध की वजह से दो यूनिट की डिलीवरी अटक गई है।

अब चर्चा है कि अगर तुर्किए अपना S-400 सिस्टम रूस को वापस करता है, तो रूस इसे अपग्रेडेशन के बाद भारत को सौंप सकता है। भारत ने रूस से S-400 का सबसे अपग्रेडेड वेरिएंट खरीदा है, जिसकी मारक क्षमता 400 किलोमीटर तक है और यह एक साथ 80 टारगेट को ट्रैक कर सकता है।

About GE-Live

Check Also

PTI के लॉन्ग मार्च से पहले पंजाब में धारा 144, आतंकी हमले की आशंका

पाकिस्तान में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के प्रस्तावित लॉन्ग मार्च से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर …