Breaking News

बद्रीनाथ जा रहे श्रद्धालुओं का वाहन हादसे का शिकार, महिला की मौत; 16 घायल

उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य यात्री घायल हो गए। दुर्घटना शुक्रवार सुबह बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्योर्तिमठ क्षेत्र के पास हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक समेत कुल 18 लोग सवार थे। सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से बद्रीनाथ धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। यात्रा के दौरान अचानक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बचावकर्मियों ने वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

सभी घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ज्योर्तिमठ भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार किया गया। हादसे में घायल एक 44 वर्षीय महिला श्रद्धालु की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया था, जिससे सभी घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

About GE-Live

Check Also

सहारनपुर में PNB खाताधारक से 95 हजार की साइबर ठगी, बिना अनुमति खाते से हुआ ऑनलाइन ट्रांजेक्शन

सहारनपुर: नकुड़ क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एक ग्राहक के बैंक खाते से …