Donald Trump on Iran Israel Ceasefire: ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर समझौते का ऐलान करने के बाद अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक और बड़ा दावा कर दिया है. उन्होंने कहा है कि इजरायल और ईरान खुद उनके पास आए और शांति की बात कही. ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों ने लगभग एक साथ उनसे संपर्क किया और शांति की अपील की.
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर अपने पोस्ट में लिखा, “ईरान और इजरायल मेरे पास आए और कहा कि अब शांति चाहिए. मुझे तुरंत समझ आ गया कि यही सही समय है. अब दुनिया और मिडिल ईस्ट असली विजेता हैं.” उन्होंने आगे लिखा कि इजरायल और ईरान दोनों के भविष्य में प्यार, शांति और समृद्धि भरी है. दोनों देशों के पास बहुत कुछ पाने को है, लेकिन अगर वे सच्चाई और धार्मिकता के रास्ते से भटकते हैं तो बहुत कुछ खो भी सकते हैं.”
अमेरिका के राष्ट्रपति ने किया ये बड़ा दावा
अमेरिका के राष्ट्रपति ने एक और पोस्ट में दावा किया कि ईरान और इजरायल के बीच हुए सीजफायर समझौते के पीछे एक अहम सैन्य कार्रवाई थी. उन्होंने बताया कि अमेरिका के B-2 बॉम्बर्स, पायलटों और उस ऑपरेशन से जुड़े सभी लोगों की हिम्मत और सटीकता के बिना यह डील संभव नहीं थी.
ट्रंप ने कहा, “एक तरह से देखा जाए तो वह देर शाम का वो हमला ही था, जिसने सबको एक साथ ला दिया और तभी समझौता हो पाया.” उन्होंने यह भी माना कि यह हैरानी वाली बात है कि एक सैन्य कार्रवाई ही शांति की शुरुआत बन गई.
ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर पर क्या बोले ट्रंप?
इससे पहले ट्रंप ने ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर का ऐलान किया था. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच का ये समझौता बिल्कुल सही फैसला है. उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटे में दोनों देशों के बीच दोबारा शांंति लौट आएगी.
Global Express Live