Breaking News

जयपुर मेट्रो फेज-2 की शुरुआत, 13 हजार करोड़ रुपये की परियोजना से बदलेगी शहर की रफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वर्चुअल माध्यम से जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का शिलान्यास करेंगे। मुख्य कार्यक्रम राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा से आयोजित होगा, जबकि जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम के इंडोर हॉल में इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान राज्य की कई अन्य विकास परियोजनाओं की भी शुरुआत की जाएगी।

करीब 13,037.66 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना लगभग 41 किलोमीटर लंबी होगी। यह कॉरिडोर प्रह्लादपुरा से टोडी मोड़ तक विकसित किया जाएगा, जिसमें कुल 36 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें अधिकांश स्टेशन एलिवेटेड होंगे, जबकि कुछ भूमिगत बनाए जाएंगे। नई मेट्रो लाइन से जयपुर एयरपोर्ट, सीतापुरा और विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्रों, एसएमएस अस्पताल सहित शहर के कई प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक इलाकों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। इस परियोजना का निर्माण केंद्र और राजस्थान सरकार की संयुक्त भागीदारी से किया जाएगा।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर में सड़क यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा, जिससे ट्रैफिक जाम और प्रदूषण में भी कमी आने की संभावना है। तेजी से बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार को ध्यान में रखते हुए इस मेट्रो कॉरिडोर को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य लोगों को निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

शिलान्यास कार्यक्रम के साथ जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 4,000 नव नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इसके अलावा ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत जिले में 5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस आयोजन के माध्यम से बुनियादी ढांचे के विकास, रोजगार सृजन और पर्यावरण संरक्षण जैसे प्रमुख क्षेत्रों को एक साथ गति देने का प्रयास किया जाएगा।

About GE-Live

Check Also

सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने से पहले पीएम मोदी ने आतंकवाद पर कही बड़ी बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 27 सितंबर 2026 को प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में …