Breaking News

पुतिन को मंगोलिया में शानदार स्वागत मिला,मंगोलिया पहुंचे

उलानबटोर: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मंगोलिया के दौरे पर हैं। इस दौरान दोनों देशों की सरकारों ने उलानबटार में एक विद्युत संयंत्र को उन्नत बनाने के लिए, इसकी सफलता की संभावना के अध्ययन और डिजाइन के लिए तथा मंगोलिया को विमानन ईंधन की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए। पुतिन ने दोनों देशों के बीच रेल प्रणाली विकसित करने की योजना की रूपरेखा भी प्रस्तुत की है। पुतिन ने मंगोलियाई राष्ट्रपति खुरेलसुख को अक्टूबर के अंत में रूस के कज़ान शहर में आयोजित होने वाले ब्रिक्स देशों के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। ब्रिक्स देशों में रूस और चीन जैसे देश भी शामिल हैं। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के मुताबिक खुरेलसुख ने यह निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।

पुतिन का हुआ भव्य स्वागत

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मंगलवार को मंगोलिया पहुंचे हैं। यूक्रेन पर मॉस्को के आक्रमण के दौरान हुए कथित युद्ध अपराधों को लेकर उनकी गिरफ्तारी के लिए जारी अंतरराष्ट्रीय वारंट के बावजूद पुतिन का भव्य स्वागत किया गया। द हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) द्वारा लगभग 18 महीने पहले गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने के बाद यह पुतिन की आईसीसी के किसी सदस्य देश की पहली यात्रा है। पुतिन की यात्रा से पहले यूक्रेन ने मंगोलिया से रूसी राष्ट्रपति को आईसीसी के हवाले करने का आह्वान किया था। वहीं, यूरोपीय संघ (ईयू) ने आशंका जताई कि मंगोलिया गिरफ्तारी वारंट पर अमल नहीं करेगा। ईयू ने कहा कि उसने मंगोलियाई प्राधिकारियों को इस संबंध में अपनी चिंताओं से अवगत करा दिया है।

पुतिन को दी गई सलामी

मंगोल साम्राज्य के संस्थापक चंगेज खान के निजी रक्षकों जैसी लाल-नीली चमकदार वर्दी पहने सुरक्षाकर्मियों ने राजधानी उलानबटोर के मुख्य चौराहे पर आयोजित एक भव्य स्वागत समारोह में पुतिन को सलामी दी। इसके बाद पुतिन अपने मंगोलियाई समकक्ष उखना खुरेलसुख के साथ ‘गवर्नमेंट पैलेस’ की सीढ़ियां चढ़कर चंगेज खान की प्रतिमा के पास पहुंचे और झुककर उन्हें श्रद्धांजलि दी। ‘गवर्नमेंट पैलेस’ की सीढ़ियों पर लाल कालीन बिछाई गई थी। चंगेज खान को श्रद्धांजलि देने के बाद दोनों नेता द्विपक्षीय बैठक के लिए ‘गवर्नमेंट पैलेस’ के अंदर चले गए।

 

‘वारंट को लेकर चिंतित नहीं’

पुतिन के एक प्रवक्ता ने पिछले हफ्ते कहा था कि क्रेमलिन (रूस के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास) वारंट को लेकर चिंतित नहीं है। गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने की सूरत में आईसीसी के सदस्य देश उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए बाध्य होते हैं। हालांकि, मंगोलिया चारों तरफ से जमीन से घिरा एक देश है, जो ईंधन और ऊर्जा जरूरतों के लिए रूस पर निर्भर है। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय के पास अपने वारंट को लागू करने के लिए कोई तंत्र नहीं है। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय ने पुतिन पर यूक्रेन से बच्चों के अपहरण के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है।

समारोह में शामिल होंगे पुतिन

पांच साल में मंगोलिया की अपनी पहली यात्रा के दौरान पुतिन उत्तर-पूर्वी चीन में मंचूरिया पर कब्जा करने वाली जापानी सेना पर तत्कालीन सोवियत और मंगोलियाई बलों की जीत की 85वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होंगे। 1939 में मंचूरिया और मंगोलिया की सीमा पर कई महीनों तक चली लड़ाई में हजारों सैनिक मारे गए थे। यूक्रेन पर आक्रमण को लेकर रूस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग किए जाने के प्रयासों का मुकाबला करने के लिए पुतिन ने हाल के महीनों में कई देशों की यात्रा की है। उन्होंने मई में चीन और जून में उत्तर कोरिया व वियतनाम की यात्रा की थी, जबकि जुलाई में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में हिस्सा लेने के लिए कजाखस्तान पहुंचे थे।

About GE-Live

Check Also

PTI के लॉन्ग मार्च से पहले पंजाब में धारा 144, आतंकी हमले की आशंका

पाकिस्तान में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के प्रस्तावित लॉन्ग मार्च से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर …