गाजियाबाद। जिले में चेन लूट की वारदातों में शामिल दो बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। सिहानीगेट पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस देर रात लोहियानगर क्षेत्र में हमदर्द ग्राउंड के पास संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों बदमाशों को गोली मारकर घायल कर दिया और मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह गैंग लंबे समय से मेरठ और गाजियाबाद में महिलाओं से चेन और मंगलसूत्र लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
घायल आरोपियों की पहचान आमिर और संजय सैनी उर्फ सिवा के रूप में हुई है, जो मेरठ जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं। इनके एक साथी सराफा कारोबारी मोनू वर्मा को भी पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।
मौके से पुलिस ने दो तमंचे, कारतूस, लूटी गई सोने की चेन, मंगलसूत्र, सोने के टुकड़े, नकदी और एक बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे और अब तक 30 से ज्यादा लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, लूटा गया सोना कम कीमत पर सराफा कारोबारी को बेचा जाता था। एक महीने पहले गोविंदपुरम क्षेत्र में हुई एक लूट में भी इसी गैंग का हाथ सामने आया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों बदमाशों के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और आगे की जांच जारी है।
Global Express Live