अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस पर तीखा हमला बोला है. ट्रंप ने आरोप लगाया है कि 2024 के चुनाव प्रचार के दौरान कमला हैरिस ने गायिका बियॉन्से, टीवी स्टार ओपरा विन्फ्रे और सामाजिक कार्यकर्ता अल शार्पटन जैसे प्रमुख हस्तियों को समर्थन के बदले भुगतान किया. उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर कानूनी उल्लंघन है और इन सभी पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए.
ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर क्या लिखा?
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ट्रंप ने लिखा, “कल्पना कीजिए अगर नेता अपने प्रचार के लिए समर्थन खरीदने लगें, तो यह लोकतंत्र के लिए कितना खतरनाक होगा?” उन्होंने आरोप लगाया कि हैरिस और अन्य ने प्रचार समर्थन के बदले लाखों डॉलर खर्च किए, जो अमेरिका के चुनावी कानूनों के खिलाफ है.
जेफ्री एप्सटीन केस को लेकर विवादों में ट्रंप
गौरतलब है कि ट्रंप खुद इस समय कुख्यात जेफ्री एप्सटीन केस को लेकर विवादों में हैं. इस मामले में ट्रंप का कहना है कि जांच राजनीतिक रूप से प्रेरित है और डेमोक्रेटिक पार्टी ध्यान भटकाने के लिए इस मुद्दे को उछाल रही है.
ट्रंप ने किया बड़ा दावा
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उनके पिछले छह महीने का कार्यकाल अमेरिकी इतिहास के किसी भी राष्ट्रपति से बेहतर रहा है, और ‘लेफ्ट डेमोक्रेट्स’ इसी को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने एप्सटीन केस को “रूसी साजिश की तरह एक और स्कैम” बताया.
ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी से की ये अपील
ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी से अपील की है कि जेफ्री एप्सटीन और गिस्लेन मैक्सवेल के ग्रैंड ज्यूरी बयान को सार्वजनिक किया जाए. यह मांग पारदर्शिता बढ़ाने और जनता के दबाव के कारण की गई है, जिसमें ट्रंप समर्थक ‘मागा’ समूह भी शामिल है.
Global Express Live