Coffee दुनिया के सबसे लोकप्रिय पेय पदार्थों में से एक है। कई लोगों के लिए सुबह की शुरुआत कॉफी के बिना अधूरी लगती है। यह शरीर को एनर्जी देने और मूड बेहतर करने में मदद करती है, लेकिन जरूरत से ज्यादा कॉफी पीना स्वास्थ्य पर बुरा असर भी डाल सकता है।
कॉफी में मौजूद कैफीन नर्वस सिस्टम को सक्रिय करता है। इसे पीने के बाद कुछ समय के लिए दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। सामान्य मात्रा में यह असर हल्का और अस्थायी होता है, लेकिन कुछ लोगों में एक कप कॉफी के बाद भी घबराहट, बेचैनी, कंपकंपी या दिल की धड़कन तेज होने जैसी समस्याएं महसूस हो सकती हैं। ऐसे लोगों को कॉफी का सेवन सीमित करना चाहिए।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एक स्वस्थ वयस्क के लिए दिन में 2 से 3 कप कॉफी आमतौर पर सुरक्षित मानी जाती है। हालांकि जरूरत से ज्यादा कॉफी पीने से नींद की समस्या, तनाव, घबराहट और बेचैनी बढ़ सकती है। लगातार खराब नींद और बढ़ता तनाव हार्ट हेल्थ को प्रभावित कर सकता है।
कॉफी बनाने का तरीका भी काफी मायने रखता है। ब्लैक कॉफी को दिल और लिवर के लिए अपेक्षाकृत बेहतर माना जाता है। वहीं ज्यादा शक्कर, क्रीम, फ्लेवर सिरप और अधिक दूध मिलाकर बनाई गई कॉफी में कैलोरी बढ़ जाती है, जिससे मोटापा, हाई कोलेस्ट्रॉल और डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि फिल्टर कॉफी बेहतर विकल्प हो सकती है। वहीं बहुत ज्यादा मीठी या बार-बार उबाली गई कॉफी शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
अगर आप रोज कॉफी पीते हैं, तो दिन में 1–2 कप ब्लैक कॉफी लेना बेहतर माना जाता है। दूध वाली कॉफी का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए। साथ ही शाम या रात में ज्यादा कॉफी पीने से बचना चाहिए, ताकि नींद प्रभावित न हो।
Global Express Live