Breaking News

जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग इलेवन, इस खिलाड़ी की वापसी पर नजर

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 23 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। इस दौरे पर टीम इंडिया की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी, जबकि वीवीएस लक्ष्मण मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे। युवा खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम इस सीरीज में दमदार शुरुआत करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

संभावना है कि पारी की शुरुआत अभिषेक शर्मा और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी करेंगे। टीम में प्रभसिमरन सिंह भी मौजूद हैं, लेकिन पहले मुकाबले में उन्हें अंतिम एकादश से बाहर रखा जा सकता है।

मध्यक्रम में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर चौथे और उपकप्तान तिलक वर्मा पांचवें स्थान पर उतरने की संभावना है। ऑलराउंडर शिवम दुबे और सूर्यांश शेडगे निचले मध्यक्रम को मजबूती दे सकते हैं।

करीब दो साल बाद टीम में लौटे रिंकू सिंह को इस मुकाबले में अंतिम एकादश में जगह मिलना आसान नहीं माना जा रहा है। टीम संतुलन को देखते हुए अतिरिक्त ऑलराउंडर विकल्पों को प्राथमिकता मिल सकती है।

गेंदबाजी विभाग में स्पिन की जिम्मेदारी रवि बिश्नोई संभाल सकते हैं, जबकि हर्ष दुबे दूसरे स्पिन विकल्प के रूप में नजर आ सकते हैं। तेज गेंदबाजी आक्रमण में प्रिंस यादव और अपनी रफ्तार के लिए चर्चित मयंक यादव पर सभी की नजरें रहेंगी।

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन:
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव और मयंक यादव।

About GE-Live

Check Also

एशियन गेम्स में सीमा कुमारी ने जीता कांस्य, PM मोदी ने दी बधाई; बोले- आप पर गर्व है

एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए एथलेटिक्स से एक अच्छी खबर सामने आई है। …