Breaking News

भारतीय छात्र की ऑस्ट्रेलिया में चाकू मारकर हत्या

मेलबर्न/चंडीगढ़: ऑस्ट्रेलिया में कुछ भारतीय छात्रों के बीच झगड़े के दौरान 22 वर्षीय एमटेक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले में भारतीय मूल के दो भाइयों की तलाश कर रही है। मृतक छात्र की पहचान नवजीत संधू के रूप में हुई है। हरियाणा के करनाल में संधू के रिश्तेदार यशवीर ने कहा कि संधू ने कुछ भारतीय छात्रों के बीच किराए के मुद्दे पर हुए विवाद में हस्तक्षेप करने की कोशिश की, जिसके चलते एक अन्य छात्र ने चाकू से उन पर हमला किया।

जानें हुआ क्या था 

यशवीर ने कहा, ‘‘नवजीत के दोस्त (एक अन्य भारतीय छात्र) ने उन्हें अपना सामान लेने के लिए अपने घर चलने के लिए कहा था क्योंकि नवजीत के पास कार थी। जब उनका दोस्त अंदर गया तो नवजीत ने चीखने की आवाजें सुनी और देखा कि वहां हाथापाई हो रही है। जब नवजीत ने झगड़ा ना करने को कहते हुए बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके सीने पर चाकू से हमला किया गया।’’ उन्होंने कहा कि नवजीत की तरह आरोपी भी करनाल का ही रहने वाला है। यशवीर ने बताया कि घटना की जानकारी परिवार को मिल गई है। उन्होंने बताया कि नवजीत के साथ मौजूद उनके दोस्त को भी चोटें आईं हैं।

घर आने वाले थे नवजीत 

यशवीर ने कहा, ‘‘नवजीत एक प्रतिभाशाली छात्र थे और वह जुलाई में छुट्टियां बिताने अपने परिवार के पास आने वाले थे।’’ यशवीर के अनुसार, नवजीत डेढ़ साल पहले अध्ययन वीजा पर ऑस्ट्रेलिया गए थे और उनके किसान पिता ने बेटे की शिक्षा के लिए अपनी डेढ़ एकड़ जमीन बेच दी थी। उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत सरकार से आग्रह करते हैं कि वह शव को जल्द से जल्द स्वेदश लाने में हमारी मदद करे।’’

जारी है आरोपियों की तलाश 

इस बीच पूरे मामले को लेकर, विक्टोरिया पुलिस ने कहा कि वह दो लोगों के विवरण और तस्वीरें जारी कर रहे हैं, जिन्हें मेलबर्न के दक्षिण-पूर्व के ऑरमंड में हुई चाकू मारने की घटना के बाद से तलाशा जा रहा है। पुलिस ने कहा कि भारतीय मूल के आरोपियों- अभिजीत और रॉबिन गार्टन की तलाश की जा रही है।

About GE-Live

Check Also

PTI के लॉन्ग मार्च से पहले पंजाब में धारा 144, आतंकी हमले की आशंका

पाकिस्तान में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के प्रस्तावित लॉन्ग मार्च से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर …