Breaking News

नोएडा में निवेश के नाम पर कारोबारी दंपती से 1.36 करोड़ की ठगी, 20 दिन में 22 बार भेजी रकम — साइबर सेल ने शुरू की जांच

नोएडा में शेयर ट्रेडिंग से मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक कारोबारी दंपती से 1.36 करोड़ रुपये हड़प लिए। ठगों ने पीड़ितों से 20 दिन में 22 बार में अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कराई। मामला सामने आने के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-128 स्थित जेपी विशटाउन सोसाइटी निवासी रामकृष्ण खंडेलवाल ने बताया कि उनकी पत्नी से नेहा नाम की एक महिला ने व्हाट्सऐप पर संपर्क किया और शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफे का लालच दिया। महिला ने दोनों को एक ऑनलाइन ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ा और कुछ दिन प्रशिक्षण देने के बाद एक ऐप डाउनलोड करवाया, जिससे उनके नाम पर अलग-अलग खाते खोले गए।

शुरुआत में शिकायतकर्ता ने 6 अक्टूबर को 10 हजार रुपये निवेश किए, जिस पर उन्हें लाभ भी मिला। इसके बाद भरोसा बढ़ने पर दंपती ने बड़ी रकम लगाना शुरू कर दिया। 20 दिनों में पति ने 11 बार में 70.75 लाख रुपये और पत्नी ने 11 बार में 65.60 लाख रुपये ट्रांसफर किए। ऐप पर उनका मुनाफा लगभग 3 करोड़ रुपये तक दिखाया गया।

जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने टैक्स के नाम पर कुल राशि का 10 प्रतिशत और जमा करने को कहा। असमर्थता जताने पर उन्हें ग्रुप से बाहर कर दिया गया और सभी नंबर बंद हो गए। तब जाकर दंपती को ठगी का एहसास हुआ।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जिन खातों में रकम भेजी गई थी, उनकी जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल टीम ने ठगों की पहचान और नेटवर्क का पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

About GE-Live

Check Also

गोंडा में शिक्षक संघ ने उठाईं शिक्षकों की समस्याएं, 69000 और 12460 भर्ती के शिक्षकों के आईकार्ड जारी करने की मांग

गोंडा: उत्तर प्रदेशीय शिक्षक संघ ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग …