Breaking News

करूर में कार्यक्रम में अफरा-तफरी: 10 हजार की उम्मीद, पहुंचे 27 हजार लोग; एक्टर विजय 4.30 घंटे देर से आए, फिर क्यों मचा हंगामा?

तमिलनाडु के करूर जिले में अभिनेता और राजनीतिक नेता विजय की रैली के दौरान अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में कम से कम 39 लोगों की जान चली गई, जिनमें 9 बच्चे भी शामिल हैं, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। करूर, चेन्नई से करीब 400 किलोमीटर दूर है।

भीड़ उम्मीद से कई गुना ज्यादा पहुंची

पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के लिए आयोजकों ने करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था मांगी थी, लेकिन मैदान में लगभग 27 हजार लोग जुट गए। डीजीपी (प्रभारी) जी. वेंकटरमण ने बताया कि पिछली रैलियों में इतनी भीड़ नहीं रही थी, लेकिन इस बार अनुमान से कहीं अधिक लोग पहुंचे।

इंतजार से बिगड़ा हालात

रैली दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक चलनी थी, मगर भीड़ सुबह 11 बजे से ही इकट्ठा होने लगी थी। विजय शाम 7:40 बजे पहुंचे, तब तक लोग कई घंटों से बिना पर्याप्त पानी और भोजन के इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने सुरक्षा के लिए 500 से ज्यादा जवान तैनात किए थे।

भगदड़ में मचा हड़कंप

जैसे ही विजय ने अपने अभियान वाहन से भाषण शुरू किया, भीड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े, जिससे भगदड़ मच गई। महिलाएं और बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए। हालात बिगड़ते देख विजय ने भाषण बीच में रोक दिया और घायलों को पानी पिलाया तथा पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

सरकार की घोषणा

मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने पुष्टि की कि मृतकों में 13 पुरुष, 17 महिलाएं, 4 लड़के और 5 लड़कियां शामिल हैं। 51 लोग गहन चिकित्सा में भर्ती हैं। सरकार ने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने और राहत कार्यों की निगरानी के लिए स्वास्थ्य मंत्री मा. सुब्रमणियन को नियुक्त किया है।

विजय का संदेश

हादसे की जांच के लिए एक सदस्यीय आयोग गठित किया गया है। विजय ने सोशल मीडिया पर लिखा, “करूर में अपने भाइयों और बहनों को खोने का दुख शब्दों में बयां नहीं कर सकता। परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

About GE-Live

Check Also

गरीबों को सम्मानजनक जीवन देना सरकार का लक्ष्य, भुवनेश्वर में RBI के नए डेटा सेंटर का उद्घाटन

भुवनेश्वर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 अक्टूबर 2026 को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नए …