Breaking News

कानपुर नगर निगम कार्यकारिणी की आज अहम बैठक, कूड़ा कलेक्शन समेत 9 प्रस्तावों पर होगा फैसला

कानपुर: कानपुर नगर निगम की कार्यकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार दोपहर 12 बजे नगर निगम के समिति कक्ष में आयोजित होगी। बैठक में शहर के विकास, साफ-सफाई और सार्वजनिक स्थलों के नामकरण से जुड़े कुल 9 प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। इनमें डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए नई निविदा जारी करने से लेकर सड़क, पार्क और चौराहों के नाम बदलने तक कई अहम विषय शामिल हैं।

बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नई कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था पर विचार किया जाएगा। साथ ही अभियंत्रण, मार्ग प्रकाश, उद्यान, जलकल और अन्य विभागों द्वारा पिछले एक वर्ष में कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा भी होगी। पूर्व कार्यकारिणी बैठकों में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी।

नामकरण से जुड़े प्रस्तावों में आवास विकास सेक्टर-एन स्थित केशवपुरम पार्क का नाम “सूर्य सरोवर पार्क” रखने का प्रस्ताव शामिल है। इसके अलावा वार्ड-71 के संगीत टॉकीज चौराहे का नाम “मां पीतांबरा चौराहा” करने पर भी विचार होगा। वार्ड-54 स्थित विनायकपुर के प्राचीन भूतेश्वर मंदिर के लिए प्रवेश द्वार निर्माण का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल किया गया है।

इसके अलावा जोन-6 के वार्ड-44 स्थित ख्योरा क्षेत्र में धर्मशाला निर्माण और केशवपुरम में क्रियाघर (श्मशान गृह) के निर्माण पर भी कार्यकारिणी निर्णय ले सकती है। कुछ शासन स्तर से प्राप्त प्रस्तावों पर भी बैठक में चर्चा की जाएगी।

कार्यसूची में श्री रामलीला सोसाइटी, परेड के 150वें स्वर्णिम वर्ष के अवसर पर अस्पताल रोड पर निजी खर्च से भव्य रामलीला द्वार बनाने के लिए नगर निगम की अनापत्ति (NOC) देने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। साथ ही कोतवाली चौराहे से परेड सद्भावना चौराहे तक अस्पताल रोड का नाम “श्री रामलीला मार्ग” रखने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा।

नगर निगम की इस बैठक में लिए जाने वाले निर्णय शहर की सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों और कई प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की नई पहचान तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

About GE-Live

Check Also

BHU का नया कदम: अब विदेशी विद्यार्थी सीखेंगे सत्यनारायण कथा और 16 संस्कार, विदेशों तक पहुंचेगी काशी की परंपरा

काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान अब विदेशों में भी नई पीढ़ी तक पहुंचाने की …