Breaking News

UP से 22,510 यात्री करेंगे हज यात्रा, महिला आवेदकों की संख्या में 32% की बढ़ोतरी

साल 2027 की हज यात्रा के लिए उत्तर प्रदेश से कुल 22,510 यात्रियों का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा निर्धारित कुर्रा (लॉटरी) प्रणाली के माध्यम से पूरी की गई। चयनित सभी आवेदकों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर इसकी सूचना भेज दी गई है।

चयनित यात्रियों में 11,947 पुरुष और 10,563 महिलाएं शामिल हैं। इस बार महिला हज यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसे पिछले वर्षों की तुलना में सकारात्मक बदलाव माना जा रहा है।

महिला आवेदकों की संख्या में 32% की वृद्धि

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में 7,990 महिलाओं ने हज यात्रा के लिए आवेदन किया था, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर 10,563 हो गई है। यानी महिला आवेदकों की संख्या में करीब 32 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2025 में 6,407, वर्ष 2024 में 8,486, वर्ष 2023 में 11,690 और वर्ष 2022 में 3,442 महिला आवेदकों ने आवेदन किया था। इस बार चयनित यात्रियों में बिना महरम (नामहरम) श्रेणी की 55 महिलाएं भी शामिल हैं।

10 अगस्त तक जमा करनी होगी पहली किश्त

हज यात्रा के लिए चयनित सभी यात्रियों को 10 अगस्त तक पहली किश्त के रूप में 1,52,300 रुपये जमा कराने होंगे। यह राशि हज कमेटी ऑफ इंडिया के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया या भारतीय स्टेट बैंक के निर्धारित खातों में जमा की जा सकती है।

इसके अलावा यात्री हज सुविधा ऐप, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के माध्यम से भी भुगतान कर सकते हैं।

ये दस्तावेज करने होंगे अपलोड

पहली किश्त जमा करने के बाद यात्रियों को अपनी लॉग-इन आईडी के माध्यम से निम्न दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे:

  • भुगतान की रसीद (पे-इन स्लिप)
  • हस्ताक्षरित हज आवेदन पत्र
  • घोषणा पत्र
  • अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट संबंधी घोषणा पत्र
  • मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाणपत्र

सहायता के लिए राज्य हज समिति से करें संपर्क

यदि दस्तावेज अपलोड करने या भुगतान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या आती है, तो चयनित यात्री राज्य हज समिति से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। हज यात्रा की आगे की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा के अनुसार पूरी की जाएंगी।

About GE-Live

Check Also

सहारनपुर में PNB खाताधारक से 95 हजार की साइबर ठगी, बिना अनुमति खाते से हुआ ऑनलाइन ट्रांजेक्शन

सहारनपुर: नकुड़ क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एक ग्राहक के बैंक खाते से …