भारत और इंग्लैंड के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले के दौरान इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने अपने स्क्वॉड में अहम बदलाव किया है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स को टीम में शामिल करने की आधिकारिक घोषणा की है।
30 वर्षीय कार्स चोट से उबरने के बाद टीम में लौटे हैं। वह कलाई और कोहनी की चोट के कारण लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर थे। हाल ही में उन्होंने घरेलू टी20 टूर्नामेंट वाइटैलिटी ब्लास्ट में डरहम के लिए तीन मुकाबले खेले, जिसके बाद उन्हें राष्ट्रीय टीम में वापसी का मौका मिला।
ब्रायडन कार्स ने इंग्लैंड के लिए अपना पिछला वनडे मुकाबला नवंबर 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उनकी वापसी के साथ अब भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड का स्क्वॉड 16 से बढ़कर 17 सदस्यीय हो गया है।
पहले वनडे में इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में जोफ्रा आर्चर, जोश टंग और सैम करन जैसे तेज गेंदबाज शामिल हैं। ऐसे में अब सभी की नजरें दूसरे वनडे पर होंगी कि क्या कार्स को अंतिम एकादश में जगह मिलती है या नहीं।
ब्रायडन कार्स का अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड
अब तक ब्रायडन कार्स इंग्लैंड के लिए तीनों प्रारूपों में खेल चुके हैं। उन्होंने 14 टेस्ट, 30 वनडे और 14 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 58 विकेट, वनडे में 34 विकेट और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 20 विकेट दर्ज हैं। उनकी गेंदबाजी गति और आक्रामक शैली इंग्लैंड के तेज आक्रमण को और मजबूत कर सकती है।
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड का अपडेटेड स्क्वॉड
फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग, रेहान अहमद, सोनी बेकर, जॉर्डन कॉक्स, साकिब महमूद, ल्यूक वुड और ब्रायडन कार्स।
Global Express Live