उर्दू जगत के लिए गौरव का क्षण : प्रो. अब्बास रज़ा नैयर सीनियर प्रोफेसर नियुक्त
लखनऊ, 8 जून। लखनऊ विश्वविद्यालय के उर्दू विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अब्बास रज़ा नैयर को सीनियर प्रोफेसर के प्रतिष्ठित पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता का प्रमाण है, बल्कि उर्दू भाषा और साहित्य से जुड़े समूचे अकादमिक जगत के लिए भी गर्व और सम्मान का विषय है।
प्रो. नैयर लंबे समय से अध्यापन, शोध, आलोचना और साहित्यिक गतिविधियों के माध्यम से उर्दू भाषा एवं साहित्य की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। अपनी विद्वता, मौलिक चिंतन और शोधपरक दृष्टि के कारण उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान बनाई है।
जानकारों के अनुसार उर्दू अध्ययन के क्षेत्र में सीनियर प्रोफेसर का यह सम्मान प्राप्त करने वाले वे पहले शिक्षक हैं। इस उपलब्धि को उर्दू अकादमिक जगत में एक ऐतिहासिक रूप में देखा जा रहा है। शिक्षकों, शोधार्थियों, साहित्यकारों और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों ने प्रो. नैयर को बधाई देते हुए इसे उर्दू भाषा और साहित्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
इस अवसर पर शुभचिंतकों ने आशा व्यक्त की है कि प्रो. नैयर अपने ज्ञान, अनुभव और नेतृत्व से भविष्य में भी उर्दू भाषा, साहित्य और शोध की नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करते रहेंगे तथा शिक्षा और साहित्य की दुनिया को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
Global Express Live