नई चंडीगढ़। भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लग सकता है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के खेलने पर संशय बना हुआ है।
मुकाबला 06 जून से न्यू चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादवेन्द्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। लेकिन मैच से ठीक पहले सिराज की फिटनेस को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार, Mohammed Siraj टीम के साथ चंडीगढ़ पहुंच चुके हैं, लेकिन वे मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। बताया जा रहा है कि अगले दो दिनों में उनके वर्कलोड और फिटनेस टेस्ट के बाद ही उनके खेलने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
पिछले कुछ महीनों में लगातार क्रिकेट खेलने के कारण उनके ऊपर वर्कलोड काफी बढ़ गया है। हाल ही में उन्होंने आईपीएल में अपनी टीम के लिए सभी मुकाबले खेले थे, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर टीम मैनेजमेंट कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।
गौरतलब है कि टीम में प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं हैं, ऐसे में अगर सिराज भी बाहर होते हैं तो गेंदबाजी आक्रमण पर बड़ा असर पड़ सकता है।
अगर सिराज मैच नहीं खेल पाते हैं, तो टीम मैनेजमेंट विकल्प के तौर पर नेट बॉलर आकिब नबी को मौका दे सकता है। इसके अलावा गुरनूर बरार के डेब्यू की भी संभावना जताई जा रही है।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अंतिम एकादश में सिराज को शामिल किया जाता है या टीम उन्हें आराम देकर भविष्य की सीरीज के लिए सुरक्षित रखती है।
Global Express Live