Breaking News

इजराइली सेना ने गाजा में छह बंधकों के शव बरामद किए

यरूशलम: इजराइल की सेना ने कहा है कि उसने पिछले साल सात अक्टूबर को हमास के हमले के दौरान बंधक बनाए गए छह लोगों के शव बीती रात बरामद किए हैं। सेना ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि उसके सैनिकों ने दक्षिण गाजा में बीती रात अभियान के दौरान ये शव बरामद किए हैं। सेना के मुताबिक, मृतकों की पहचान यागेव बुश्ताब, एलेक्जेंडर डैनकिग, अवराहम मंडर, योराम मेत्सगर, नदाव पोपलवेल और हाइम पेरी के रूप में हुई है।

कब और कैसे हुई मौत?

हालांकि, सेना ने यह नहीं बताया कि उनकी मौत कब और कैसे हुई। ये शव ऐसे समय में बरामद हुए हैं जब अमेरिका, मिस्र व कतर इजराइल और हमास के बीच संघर्ष विराम समझौते के लिए प्रयास कर रहे हैं। इस समझौते में हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों को रिहा किया जाना भी शामिल है। माना जाता है कि सात अक्टूबर के हमले के बाद अब भी करीब 110 लोगों को हमास ने बंधक बना रखा है। इजराइली अधिकारियों के अनुमान के अनुसार इनमें से करीब एक तिहाई की मौत हो चुकी है।

40 हजार से अधिक फलस्तीनी मारे गए

इस बीच यहां ये भी बता दें कि, गाजा में इजराइल और हमास के बीच युद्ध में अब तक 40 हजार से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं। हमास द्वारा संचालित गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि क्षेत्र में इजराइल के हमले में 92,401 लोग घायल हुए हैं और 85 प्रतिशत से अधिक आबादी अपने घर छोड़कर विस्थापित हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय मृतकों की संख्या की गणना में नागरिकों और उग्रवादी लड़ाकों के बीच अंतर नहीं करता है। यह घोषणा युद्ध में संघर्ष विराम के लिए अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थों की ओर से एक और प्रयास के दौरान की गई है।

ऐसे शुरू हुई जंग

युद्ध की शुरुआत बीते साल सात अक्टूबर को तब हुई थी जब हमास के नेतृत्व वाले आतंकवादियों ने दक्षिणी इजराइल पर हमला किया, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए (जिनमें से अधिकांश नागरिक थे) और लगभग 250 लोगों को बंधक बनाकर गाजा लाया गया था। इजराइल का कहना है कि 111 बंधकों को रिहा नहीं किया गया, जिनमें जान गंवाने वाले 39 बंधक शामिल हैं। बंधकों में 15 महिलाएं और पांच साल से कम उम्र के दो बच्चे शामिल हैं।

About GE-Live

Check Also

PTI के लॉन्ग मार्च से पहले पंजाब में धारा 144, आतंकी हमले की आशंका

पाकिस्तान में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के प्रस्तावित लॉन्ग मार्च से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर …