Breaking News

कैंसर के इलाज के बीच भावुक हुईं दीपिका कक्कड़, बोलीं- ‘जिस दिन ताकत नहीं होती, बस बेड पर रहती हूं’; ननद सबा के घर चोरी

टीवी की मशहूर अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ इब्राहिम इन दिनों अपनी बीमारी और इलाज के कठिन दौर से गुजर रही हैं। ‘ससुराल सिमर का’ में सिमर का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाली दीपिका लिवर कैंसर से जूझ रही हैं। उनकी अब तक दो सर्जरी हो चुकी हैं और फिलहाल इम्यूनोथेरेपी के जरिए इलाज चल रहा है।

इलाज के बीच दीपिका सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह फैंस की ओर से आए कमेंट्स पढ़ती नजर आईं। इस दौरान फैंस का प्यार देखकर वह भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू निकल आए।

फैंस का प्यार देखकर भावुक हुईं दीपिका

दीपिका ने अपने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि लोगों का प्यार और सपोर्ट उन्हें मुश्किल समय में हिम्मत देता है। उन्होंने कहा कि इस परिस्थिति का सामना मुस्कुराते हुए करना जरूरी है, क्योंकि जब वह खुश रहती हैं तो उनके परिवार के लोग भी हंसते हैं।

अभिनेत्री ने अपनी स्थिति के बारे में बात करते हुए यह भी स्पष्ट किया कि वह हर समय मजबूत नहीं रह सकतीं। उनके मुताबिक, जिस दिन शरीर में बिल्कुल ताकत नहीं होती, उस दिन वह ज्यादा कुछ नहीं कर पातीं और आराम के लिए बिस्तर पर ही रहती हैं। वहीं, जब उन्हें थोड़ी बेहतर महसूस होती है तो वह उठकर खुद को व्यस्त रखने और अपनी क्षमता के अनुसार काम करने की कोशिश करती हैं।

इलाज के साथ डाइट और फिटनेस पर भी ध्यान

दीपिका अपनी सेहत में सुधार के लिए इलाज के साथ-साथ खान-पान पर भी ध्यान दे रही हैं। उन्होंने अपनी डाइट में बदलाव किया है और इस दौरान उनका वजन भी कम हुआ है।

उनकी इस पूरी मेडिकल जर्नी में उनके पति और अभिनेता शोएब इब्राहिम लगातार उनके साथ खड़े रहे हैं। परिवार के लिए यह समय और भी मुश्किल रहा क्योंकि इसी दौरान शोएब के पिता की तबीयत भी खराब हो गई थी और उन्हें कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था।

ठीक महसूस होने पर फिर करने लगीं कुकिंग

दीपिका को खाना बनाने का काफी शौक है। बीमारी के बाद लंबे समय तक वह अपनी पसंदीदा कुकिंग नहीं कर पा रही थीं। हालांकि, अब जब भी उनकी तबीयत थोड़ी बेहतर होती है, वह घर में कुछ न कुछ बनाने की कोशिश करती हैं।

दीपिका की कुकिंग से जुड़े वीडियो भी उनके फैंस के बीच काफी पसंद किए जाते हैं। उनके लिए यह सिर्फ शौक नहीं बल्कि खुद को सामान्य और सकारात्मक बनाए रखने का एक तरीका भी नजर आता है।

ननद सबा इब्राहिम के घर से सामान गायब

इसी बीच दीपिका की ननद और यूट्यूबर सबा इब्राहिम से जुड़ी एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है। सबा ने अपने एक वीडियो में बताया कि उनके घर से पिछले कुछ समय से लगातार सामान गायब हो रहा है।

सबा के मुताबिक, उनके ईयररिंग्स, अंगूठियां, घड़ी, पर्स और पैसे सहित कई चीजें गायब हुई हैं। उन्होंने बताया कि यह किसी एक दिन की घटना नहीं है, बल्कि कई दिनों से सामान चोरी होने की समस्या सामने आ रही है।

सबा ने कहा कि मामले को लेकर अब वह पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रही हैं। वीडियो में वह इस घटना को लेकर काफी परेशान और दुखी नजर आईं।

2018 में हुई थी शोएब से शादी

दीपिका कक्कड़ ने साल 2018 में अभिनेता शोएब इब्राहिम से शादी की थी। दोनों की शादी शोएब के होमटाउन में हुई थी। शादी के समय दीपिका को अपने धर्म परिवर्तन को लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना और ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ा था।

अब दीपिका और शोएब एक बेटे के माता-पिता हैं। दोनों ने अपने बेटे का नाम रुहान रखा है। बीमारी के इस कठिन दौर में शोएब और परिवार लगातार दीपिका का हौसला बढ़ाते नजर आते हैं।

About GE-Live

Check Also

Mysaa Teaser: रश्मिका मंदाना का दिखा खतरनाक अवतार, एक्शन और इमोशन से भरपूर है टीजर

रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Mysaa’ का टीजर रिलीज हो गया है। टीजर में अभिनेत्री …