Breaking News

अफगानिस्तान टी20 सीरीज में इन 3 खिलाड़ियों को नहीं मिली जगह, टीम चयन के बाद बढ़ी वापसी की उम्मीद

भारतीय क्रिकेट टीम के आगामी अफगानिस्तान टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी गई है। श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है। इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने के बाद यह उनकी पहली घरेलू टी20 सीरीज होगी।

टीम में जसप्रीत बुमराह की भी वापसी हुई है, हालांकि उनका मैदान पर उतरना फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगा। स्क्वॉड सामने आने के बाद कुछ ऐसे खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली, जिनके चयन की उम्मीद की जा रही थी। इनमें रिंकू सिंह, कुलदीप यादव और क्रुणाल पांड्या प्रमुख नाम हैं।

रिंकू सिंह को फिर करना होगा इंतजार

भारत के लिए टी20 क्रिकेट में फिनिशर की भूमिका निभाने वाले रिंकू सिंह को इस बार टीम में शामिल नहीं किया गया है। वह भारत की पिछली टी20 सीरीज का हिस्सा रहे थे, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी मुकाबलों के लिए चयनकर्ताओं ने उन्हें मौका नहीं दिया।

रिंकू ने भारत की ओर से अब तक 48 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 702 रन बनाए हैं। उनके नाम तीन अर्धशतक हैं और उनका स्ट्राइक रेट 156.34 रहा है। खासतौर पर आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने की क्षमता के कारण उन्हें टीम का उपयोगी फिनिशर माना जाता है।

कुलदीप यादव की भी टीम में जगह नहीं

अनुभवी स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव को भी अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। पिछले कुछ समय से कुलदीप का चयन लगातार नहीं हो पा रहा है। उन्हें एक सीरीज में मौका मिलने के बाद अगली सीरीज में बाहर किए जाने का सिलसिला देखने को मिला है।

कुलदीप उस भारतीय टीम का हिस्सा थे जिसने इसी साल टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। उन्होंने अपना पिछला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था।

31 वर्षीय कुलदीप ने भारत के लिए 54 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 95 विकेट अपने नाम किए हैं। इसके बावजूद इस सीरीज में उन्हें चयनकर्ताओं ने मौका नहीं दिया।

क्रुणाल पांड्या की वापसी भी टली

ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या के लिए भी टीम में वापसी का इंतजार जारी है। पिछले दो आईपीएल सीजन में उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावी प्रदर्शन किया था। इसी वजह से माना जा रहा था कि उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में दोबारा भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है।

क्रुणाल ने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2021 में खेला था। इसके बाद से वह राष्ट्रीय टीम में वापसी नहीं कर पाए हैं।

टीम में जगह नहीं मिलने के बाद क्रुणाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने ‘अभी उम्मीद बरकरार है’ लिखा। इससे साफ है कि वह राष्ट्रीय टीम में वापसी की उम्मीद नहीं छोड़ रहे हैं।

क्रुणाल ने भारत के लिए 19 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 124 रन और 15 विकेट हासिल किए हैं।

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की 15 सदस्यीय टीम

अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में श्रेयस अय्यर कप्तान और तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। टीम इस प्रकार है:

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा।

टीम चयन के साथ यह भी स्पष्ट किया गया है कि नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा की उपलब्धता उनकी फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगी।

ऐसे में अंतिम प्लेइंग इलेवन के लिए खिलाड़ियों की फिटनेस रिपोर्ट अहम भूमिका निभा सकती है। वहीं, रिंकू, कुलदीप और क्रुणाल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को टीम से बाहर रखे जाने के बाद अब उनकी अगली सीरीज में वापसी पर नजर रहेगी।

About GE-Live

Check Also

एशियन गेम्स में सीमा कुमारी ने जीता कांस्य, PM मोदी ने दी बधाई; बोले- आप पर गर्व है

एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए एथलेटिक्स से एक अच्छी खबर सामने आई है। …