Breaking News

डोनाल्ड ट्रंप की जीत पर व्लादिमीर पुतिन का पहला बयान आया, जानें उन्होंने क्या कहा।

अमेरिका में हाल ही में हुए राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी कमला हैरिस को बड़े अंतर से चुनाव हराया है। ट्रंप की इस जीत पर दुनियाभर के नेताओं ने उन्हें बधाई संदेश भेजे हैं। वहीं, अब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी आखिरकार डोनाल्ड ट्रंप को राष्ट्रपति चुनाव में मिली जीत पर बधाई दी है। बता दें कि अमेरिकी चुनाव के बाद पुतिन का ये पहला कमेंट है।

क्या बोले पुतिन?

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सोची रिसॉर्ट में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग ले रहे थे। पुतिन से सम्मेलन में ट्रंप की जीत को लेकर सवाल किया गया। इस पर पुतिन ने कहा कि “मैं इस अवसर पर संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में उनके चुनाव पर उन्हें बधाई देना चाहता हूं।” पुतिन ने आगे ये भी कहा कि डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन संकट को खत्म करने में मदद करने के लिए रूस के साथ संबंध बहाल करने की इच्छा के बारे में जो कहा है वह बात कम से कम ध्यान देने लायक है।

ट्रंप ने की है जंग खत्म करवाने की बात

पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव जीतने के एक दिन बाद गुरुवार को उन्हें बधाई दी है। अमेरिका के चुनाव पर यह पुतिन की पहली सार्वजनिक टिप्पणी है। हालांकि, इससे पहले क्रेमलिन ने डोनाल्ड ट्रंप के इस दावे का स्वागत किया था कि वह 24 घंटे में यूक्रेन में संघर्ष को समाप्त करने के लिए बातचीत कर सकते हैं। क्रेमलिन ने इस बात पर जोर दिया कि वह ठोस नीतिगत कदमों का इंतजार करेंगे।

जेलेंस्की ने क्या कहा?

ट्रंप की जीत पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि वह ‘ताकत के जरिए शांति स्थापना’ के डोनाल्ड ट्रंप के दृष्टिकोण की सराहना करते हैं। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन अमेरिका के साथ लाभकारी राजनीतिक और आर्थिक सहयोग विकसित करने में दिलचस्पी रखता है, जिससे हमारे दोनों देशों को फायदा होगा।उन्होंने कहा कि हम राष्ट्रपति ट्रंप के निर्णायक नेतृत्व के तहत एक मजबूत अमेरिकी युग की आशा करते हैं।

About GE-Live

Check Also

PTI के लॉन्ग मार्च से पहले पंजाब में धारा 144, आतंकी हमले की आशंका

पाकिस्तान में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के प्रस्तावित लॉन्ग मार्च से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर …