Breaking News

बलूचिस्तान में अंधाधुंध फायरिंग में दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए

कराची: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में बंदरगाह शहर ग्वादर के पास अज्ञात बंदूकधारियों ने पाकिस्तानी सेना के बम ‍निरोधक दस्ते पर अंधाधुंध गोलीबारी की। गोलीबारी में दो पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई और चार अन्य जख्मी हो गए। ‘डॉन’ अखबार ने सोमवार को खबर दी है कि पाकिस्तानी फौज की बम निरोधक टीम ग्वादर जिले के अंकारा डैम इलाके में बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय करने में व्यस्त थी तभी बंदूकधारियों ने रविवार को उनपर गोलीबारी कर दी। अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में दो सुरक्षा कर्मियों की मौत हुई है और चार अन्य जख्मी हुए हैं।

किसी ने नहीं ली जिम्मेदारी 

ग्वादर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मोहसिन जोहेब ने बताया, “गोलीबारी की घटना बंदरगाह शहर (ग्वादर) से लगभग 25 किमी दूर हुई, जिसमें दो लोगों की जान चली गई और चार अन्य जख्मी हो गए।” उन्होंने बताया कि घटना के बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। सुरक्षा बलों ने हमलावरों का पता लगाने के लिए इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी करती है विरोध 

गौरतलब है कि, अलगाववादी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने अतीत में ग्वादर में हुए ज्यादातर हमलों की जिम्मेदारी ली है। बीएलए बलूचिस्तान में चीन के निवेश का विरोध करता है। वह चीन और पाकिस्तान पर संसाधन संपन्न प्रांत के शोषण का आरोप लगाता है। इस आरोप को अधिकारियों ने खारिज किया है। बीएलए ने 24 मार्च को बंदरगाह प्राधिकरण परिसर पर हमले की जिम्मेदारी भी ली थी। इस दौरान पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में प्रतिबंधित अलगाववादी समूह के आठ आतंकवादियों को मार गिराया था।

About GE-Live

Check Also

PTI के लॉन्ग मार्च से पहले पंजाब में धारा 144, आतंकी हमले की आशंका

पाकिस्तान में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के प्रस्तावित लॉन्ग मार्च से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर …