दुनिया की बड़ी ताकतों के बीच हुई बातचीत के पुराने दस्तावेज जब सार्वजनिक होते हैं तो कई छिपी हुई सच्चाइयां ना सिर्फ पूरी दुनिया के सामने आ जाती हैं बल्कि कई बार वो लोगों को हिलाकर भी रख देती हैं. ऐसा ही एक खुलासा अब भारत के पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को लेकर हुआ है. खुलासे ने एक बार फिर पाकिस्तान को नाकाम मुल्क साबित कर दिया है और इस देश को पूरी दुनिया के लिए बड़ा खतरा बताया गया है.
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 2001 में अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश से बातचीत में पाकिस्तान को बिना लोकतंत्र वाला देश बताया था. अब सार्वजनिक हुए दस्तावेजों से पता चलता है कि दोनों नेता पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम और (मिलिट्री रूल) सैन्य शासन को वैश्विक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा मानते थे.
पुतिन और बुश की ट्रांसक्रिप्ट अब सार्वजनिक
उस दौरान रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने पाकिस्तान को लेकर गंभीर चिंता जताई थी. बता दें कि ये बातचीत अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के साथ हुई थी, जिसकी ट्रांसक्रिप्ट अब सार्वजनिक की गई हैं. ये दस्तावेज नेशनल सिक्योरिटी आर्काइव के जरिए दुनिया के सामने आए हैं, जिनमें 2001 से 2008 के बीच पुतिन और बुश के बीच बैठकों और फोन कॉल्स का ब्योरा है.
‘पाकिस्तान के परमाणु हथियार दुनिया के लिए बड़ा खतरा’
व्लादिमीर पुतिन और जॉर्ज बुश के बीच मुलाकात 16 जून 2001 को स्लोवेनिया में हुई थी. मुलाकात के दौरान पुतिन ने बुश से कहा था कि पाकिस्तान में कोई लोकतंत्र नहीं है. इसके बावजूद यह एक परमाणु संपन्न देश है, जबकि यहां सैन्य अधिकारी ही शासन करते हैं. पाकिस्तान के परमाणु हथियार दुनिया के लिए बड़ा खतरा हैं. मगर पश्चिमी देश पाकिस्तान की आलोचना नहीं करते. दोनों के बीच हुई सीक्रेट बातचीत को अब सार्वजनिक किया गया है.
Global Express Live