Breaking News

सुल्तानपुर में आज शब-ए-बारात, कब्रिस्तानों में फातेहा और इबादत की तैयारियां पूरी

सुल्तानपुर जिले में आज शब-ए-बारात का पवित्र पर्व अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर मुस्लिम बहुल इलाकों में खास रौनक देखने को मिल रही है। मस्जिदों, दरगाहों और कब्रिस्तानों की साफ-सफाई कर सजावट की गई है, जबकि घरों में पर्व को लेकर विशेष तैयारियां चल रही हैं।

इस्लामी कैलेंडर के अनुसार शाबान माह की 15वीं रात को शब-ए-बारात मनाई जाती है। इस रात को इबादत, दुआ और गुनाहों की माफी की रात माना जाता है। जिले के गभड़िया स्थित तकिया, घासीगंज कर्बला का शिया कब्रिस्तान, ईदगाह कब्रिस्तान और पांचोपीरन समेत कई स्थानों पर श्रद्धालु अपने पूर्वजों की कब्रों पर फातेहा पढ़ेंगे और मोमबत्तियां जलाएंगे।

शहर की प्रमुख मस्जिदों और दरगाहों में भी विशेष सजावट की गई है। रात भर नमाज, कुरान की तिलावत और दुआओं का सिलसिला जारी रहेगा। पांचोपीरन दरगाह और नकराही क्षेत्र में बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

शिया समुदाय की विशेष परंपरा

शिया समुदाय में शब-ए-बारात के अवसर पर एक विशेष परंपरा निभाई जाती है। सुबह की नमाज के बाद श्रद्धालु गोमती पुल पर एकत्र होकर अपनी मन्नतों और दुआओं से जुड़े ‘अरीजे’ गोमती नदी में प्रवाहित करते हैं।

घरों में हलवा और अन्य पकवान तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें गरीबों, जरूरतमंदों और रिश्तेदारों में बांटा जाएगा। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले ही शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।

शब-ए-बारात का पर्व इबादत, आत्ममंथन और पूर्वजों को याद करने का संदेश देता है, जिसे जिले में पूरी श्रद्धा और सौहार्द के साथ मनाया जा रहा है।

About GE-Live

Check Also

अमेठी में SP का देर रात औचक निरीक्षण, नई पुलिस लाइन में व्यवस्थाओं को परखा

अमेठी: पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बुधवार देर रात गौरीगंज स्थित नवीन पुलिस लाइन का …