Breaking News

गाजा में मानवीय सहायता को लेकर संगठनों ने इजराइल पर दबाव डाला, “अमेरिका की मांग भी नहीं हुई पूरी”

 

येरुशलमः एक साल से अधिक समय से भयंकर युद्ध का दंश झेल रहे गाजा वासियों को मानवीय सहायता नहीं पहुंचाने देने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहायता संगठनों ने इजरायल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विभिन्न संगठनों का आरोप है कि इजरायल युद्ध प्रभावित गाजा पट्टी में अधिक मानवीय सहायता पहुंचाने की अनुमति देने की अमेरिका की मांग को पूरा करने में विफल रहा है। अंतरराष्ट्रीय सहायता संगठनों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन ने पिछले महीने इजरायल से गाजा में अधिक खाद्य पदार्थ भेजने और अन्य आपातकालीन सहायता ‘‘बढ़ाने’’ का आह्वान किया था और इसके लिए 30 दिन की समय सीमा दी थी जो मंगलवार को समाप्त हो रही है। प्रशासन ने इन मांगों को पूरा न कर पाने पर इजरायल को परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी थी। अमेरिका ने इजरायल को आगाह किया था कि उसे अगले 30 दिन के भीतर गाजा में मानवीय सहायता की मात्रा बढ़ानी होगी। अन्यथा उसके लिए अमेरिकी हथियार तक पहुंच खत्म होने का जोखिम पैदा हो सकता है।

अब इजरायल कर रहा गाजा में स्थिति सुधारने का दावा

इजरायल ने अब गाजा में स्थिति सुधारने के लिए कई कदम उठाने की घोषणा की है। मगर अमेरिकी अधिकारियों ने हाल ही में यह संकेत दिया था कि इजरायल अभी भी पर्याप्त कदम नहीं उठा रहा है। हालांकि उन्होंने यह नहीं कहा कि वे इसके खिलाफ कोई कार्रवाई करेंगे या नहीं। इजरायल के नये विदेश मंत्री गिदोन सार ने समय सीमा को अधिक तवज्जो नहीं देते हुए सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि उन्हें विश्वास है कि ‘‘इस मुद्दे का समाधान हो जाएगा।’’ आठ अंतरराष्ट्रीय सहायता संगठनों द्वारा मंगलवार को जारी रिपोर्ट में अमेरिकी मांगों के अनुपालन के लिए 19 उपाय सूचीबद्ध किए गए। रिपोर्ट में बताया गया कि इजरायल 15 उपायों का पालन करने में विफल रहा है और उसने केवल चार का आंशिक रूप से ही अनुपालन किया।

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन द्वारा हस्ताक्षरित 13 अक्टूबर के पत्र में इजरायल से कहा गया था कि वह प्रतिदिन कम से कम 350 ट्रक माल को गाजा में प्रवेश करने की अनुमति दे, घेराबंदी वाले क्षेत्र में पांचवां प्रवेश मार्ग खोले, तटीय तम्बू शिविरों में रहने वाले लोगों को सर्दियों से पहले अंदरूनी क्षेत्रों में जाने की अनुमति दे और बुरी तरह प्रभावित उत्तरी गाजा में सहायता समूहों की पहुंच सुनिश्चित करे।

About GE-Live

Check Also

PTI के लॉन्ग मार्च से पहले पंजाब में धारा 144, आतंकी हमले की आशंका

पाकिस्तान में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के प्रस्तावित लॉन्ग मार्च से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर …