केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। पूर्वी मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ बंगाल के मशहूर स्ट्रीट फूड झालमुड़ी का स्वाद लिया। इस खास पल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया गया है, जो लोगों के बीच चर्चा में है।
वीडियो में नितिन गडकरी झालमुड़ी खाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वह दुकानदार से बातचीत भी करते नजर आते हैं। बंगाल में मुरमुरे, हरी मिर्च, प्याज और विभिन्न मसालों से तैयार होने वाली झालमुड़ी काफी लोकप्रिय है।
गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस अनुभव को साझा करते हुए बताया कि कोलाघाट में राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने झालमुड़ी की व्यवस्था की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ इस पारंपरिक बंगाली नाश्ते का आनंद लिया।
बंगाल को सड़क परियोजनाओं की बड़ी सौगात
झालमुड़ी का स्वाद लेने के साथ ही इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं। नितिन गडकरी ने राज्य में कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए बड़े निवेश का भरोसा दिया।
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, राज्य में करीब 40 हजार करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण की परियोजनाएं पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। इसके अलावा लगभग 35 हजार करोड़ रुपये की लागत से करीब 450 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजनाओं पर काम जारी है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल के लिए एक लाख करोड़ रुपये की नई सड़क अवसंरचना परियोजनाओं की घोषणा भी की। गडकरी ने कहा कि राज्य में विकास कार्यों के लिए वित्तीय संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी।
सिलीगुड़ी से गुवाहाटी तक बनेगा फोरलेन कॉरिडोर
कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने कई बड़ी सड़क परियोजनाओं का जिक्र किया। इनमें सिलीगुड़ी-गुवाहाटी फोरलेन कॉरिडोर भी शामिल है, जिस पर करीब 26 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग कॉरिडोर के लिए लगभग 6 हजार करोड़ रुपये और कोलकाता रिंग रोड परियोजना के लिए करीब 14 हजार करोड़ रुपये की योजना बताई गई।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में सड़क संपर्क को बेहतर बनाना है। इससे यात्रियों के आवागमन के साथ-साथ व्यापार और परिवहन को भी गति मिलने की उम्मीद है।
‘पैसों की चिंता मत कीजिए’
नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को भरोसा दिलाया कि राज्य में सड़क निर्माण के लिए केंद्र की ओर से जरूरी आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को धन की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
गडकरी ने अपने खास अंदाज में कहा कि शुभेंदु अधिकारी परियोजनाओं की मांग करते-करते थक जाएंगे, लेकिन वह धन उपलब्ध कराते-कराते नहीं थकेंगे। उनके इस बयान के साथ बंगाल में सड़क विकास को लेकर केंद्र सरकार की योजनाएं भी चर्चा में आ गई हैं।
Global Express Live