Breaking News

गाजा के रफाह में यूएन के लिए काम कर रहे भारतीय सेना के पूर्व जवान की मौत

इजरायल और हमास के बीच बीते 7 महीने से गाजा में जारी जंग अब तक खत्म नहीं हो पाई है। हमास के आतंकियों द्वारा इजरायल में मचाए गए नरसंहार के बाद से दोनों ओर से हजारों की संख्या में लोग मारे गए हैं। इस युद्ध के बीच अब भारत के लिए भी बुरी खबर सामने आई है। संयुक्त राष्ट्र के लिए काम कर रहे भारतीयकर्मी की गाजा के रफाह में मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, यूएन कर्मी का वाहन हमले की चपेट में आ गया जिससे भारतीय की मौत हो गई। वहीं, घटना में एक और कर्मचारी घायल हो गया।

 भारतीय सेना का पूर्व जवान था मृतक

जिस भारतीय यूएन कर्मी की रफाह में मौत हुई है वह  संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा एवं संरक्षा विभाग (डीएसएस) का स्टाफ सदस्य था। मारे गए भारतीय की पहचान अब तक सामने नहीं आई है लेकिन सूत्रों ने पीटीआई से पुष्टि की कि वह भारत से था और भारतीय सेना का पूर्व जवान था। बता दें कि ये पहली बार है जब गाजा में इजरायल-हमास में संयुक्त राष्ट्र के किसी अंतरराष्ट्रीय कर्मचारी की मौत हुई है।

संयुक्त राष्ट्र के प्रमुख ने दुख जताया

संयुक्त राष्ट्र के प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने यूएन कर्मी की मौत पर संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि गाजा में संयुक्त राष्ट्र के वाहन पर हमला किया गया, हमारे एक सहयोगी की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। उन्होंने कहा कि गाजा में संयुक्त राष्ट्र के 190 से ज्यादा कर्मचारियों की मौत हुई है। महासचिव ने एक बार फिर तत्काल मानवीय युद्धविराम और सभी बंधकों की रिहाई की अपील की है।

रफाह हमास का आखिरी गढ़- इजरायल

इजरायल ने रफाह को चरमपंथी समूह हमास का आखिरी गढ़ बताया है और यहां लक्षित  अभियान शुरू किया है। इजरायल ने अमेरिका तथा अन्य सहयोगी देशों की इन चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया है कि रफाह में कोई भी बड़ा अभियान आम लोगों के लिए विनाशकारी हो सकता है।

 

About GE-Live

Check Also

हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर तनाव: कतर की अपील—‘दबाव का हथियार न बने अहम समुद्री मार्ग’

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच कतर ने खाड़ी देशों की बैठक में अहम …