ललितपुर जिले में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। रविवार रात से जिले के कई ग्रामीण इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है, जबकि सोमवार सुबह से शहर और आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा देखने को मिला। तापमान में गिरावट के चलते ठंड का असर और तेज हो गया है।
ग्रामीण इलाकों में बारिश, शहर में कोहरे का असर
मड़ावरा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में रात से ही हल्की बारिश दर्ज की गई। महरौनी और उससे सटे गांवों में सोमवार सुबह करीब 6 बजे से बारिश होती रही। वहीं ललितपुर शहर और निकटवर्ती इलाकों में सुबह से घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम हो गई।
ठंड और सर्द हवाओं से जनजीवन प्रभावित
घने कोहरे, सर्द हवाओं और बढ़ती ठंड के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह के समय सड़कों पर आवाजाही कम नजर आई। ठंड से बचने के लिए लोग घरों में दुबके रहे और कई स्थानों पर अलाव जलाते हुए दिखाई दिए।
किसानों के लिए राहत बनी बारिश
इस बारिश को गेहूं समेत अन्य रबी फसलों के लिए लाभकारी माना जा रहा है। खेतों को प्राकृतिक सिंचाई मिलने से किसान खासे संतुष्ट नजर आ रहे हैं। किसानों का कहना है कि यह बारिश फसलों की बढ़वार के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।
Global Express Live