शाहजहांपुर के अल्हागंज के मोहल्ला शिवपुरी में बृहस्पतिवार रात वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान डीजे पर डांस के फोटो खींचने को लेकर हुए विवाद के बाद दुल्हन के चचेरे जीजा राजेश (35) की हत्या कर दी गई। किसी वजनी चीज से सिर पर प्रहार के बाद थाना परौर के गांव दसिया देवघड़ा निवासी राजेश बचकर भागे, मगर कुछ ही दूरी पर गिरने के बाद दम तोड़ दिया। शिवपुरी के ही एक युवक के हमलावर होने का शक है, उसके समेत आठ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
शिवपुरी निवासी कमलेश की पुत्री लक्ष्मी की शादी फर्रुखाबाद जिले के थाना अमृतपुर के गांव रम्पुरा नवादा के रहने वाले अंकित से तय हुई थी। बृहस्पतिवार रात अल्हागंज कस्बे के एक गेस्टहाउस में बरात पहुंची। दुल्हन पक्ष से शादी में आए अल्हागंज निवासी अनूप से कुछ देर बाद डीजे पर डांस करने को लेकर विवाद में बरातियों ने उसे पीट दिया। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया।
विवाद के बाद हुई थी मारपीट
रात करीब साढ़े 11 बजे डीजे पर डांस के दौरान फोटो खींचने को लेकर एक बार फिर हुए विवाद के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान डीजे के पास मौजूद दुल्हन के चाचा के दामाद राजेश के सिर पर प्रहार कर दिया। राजेश गेस्टहाउस से करीब दो सौ मीटर दूर अपनी ससुराल की ओर भागे, मगर रास्ते में गिरने के बाद दम तोड़ दिया। सूचना पर सीओ जलालाबाद अजय राय मदनापुर और जलालाबाद थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जिन लोगों को हिरासत में लिया, उनमें शिवपुरी में ही रहने वाला अनूप और कुछ बराती शामिल हैं।
Global Express Live