भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर की चोट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। सिडनी में खेले गए भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया तीसरे वनडे मैच के दौरान एक कैच पकड़ते वक्त वे छाती के बल गिर पड़े थे, जिससे उनकी बाईं पसली में चोट लग गई। बताया जा रहा है कि इस चोट के कारण अय्यर को लगभग तीन हफ्ते तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ सकता है।
सूत्रों के अनुसार, मैच के तुरंत बाद अय्यर की जांच की गई, जिसमें उनकी पसली में हल्की चोट पाई गई। उन्हें फिलहाल तीन सप्ताह आराम की सलाह दी गई है और वापसी से पहले बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को अपनी स्थिति की जानकारी देनी होगी। हालांकि, आगे की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि उन्हें रिकवरी के लिए अतिरिक्त समय की जरूरत है या नहीं। अगर पसली में हेयरलाइन फ्रैक्चर पाया गया, तो वापसी में देरी हो सकती है।
भारतीय टीम जल्द ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलने वाली है, जो 30 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलेगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अय्यर उस सीरीज में खेल पाएंगे या नहीं। अगर वे तीन हफ्तों में पूरी तरह फिट हो गए, तो उनके वापसी की संभावना बनी हुई है।
कमर की समस्याओं के कारण अय्यर पिछले छह महीनों से रेड-बॉल क्रिकेट से दूर हैं और उन्होंने हाल ही में कोई टी20 मैच भी नहीं खेला है। वे अपने वनडे करियर में 3 हजार रन पूरे करने से सिर्फ 83 रन दूर हैं।
Global Express Live