प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन दौरे पर जाएंगे, जहां होने वाले SCO शिखर सम्मेलन में उनके साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी शामिल होंगे। इस बैठक से पहले चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा है कि रूस और चीन के संबंध दुनिया में सबसे स्थिर हैं। जिनपिंग खुद पीएम मोदी और पुतिन का स्वागत करने के लिए तैयार हैं।
अमेरिका और भारत के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भारत के रूस से तेल खरीदने पर आपत्ति है, जिसके चलते उन्होंने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ भी लगाया है। इस पर रूस ने कहा था कि भारत पर टैरिफ लगाना गलत है। पुतिन भी इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। जिनपिंग ने दोहराया कि हमारे रिश्ते सबसे स्थिर और परिपक्व हैं और यह रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण हैं।
प्रधानमंत्री मोदी 28 अगस्त से 1 सितंबर तक जापान और चीन की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह जापान में 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन और चीन में शंघाई सहयोग परिषद (SCO) की 25वीं बैठक में शामिल होंगे। मोदी जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के साथ 29 और 30 अगस्त को वार्षिक शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे।
इस शिखर सम्मेलन में शी जिनपिंग और पुतिन के साथ-साथ मध्य एशिया, दक्षिण एशिया, मध्य पूर्व और दक्षिण पूर्व एशिया के कई बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। पिछले साल मोदी ने रूस में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भी जिनपिंग और पुतिन के साथ मंच साझा किया था।
Global Express Live