Breaking News

लेबनान के बाद गाजा में थमेगा खून-खराबा, हमास ने इजरायल के साथ संघर्ष विराम वार्ता का किया दावा।

इस्तांबुल: इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच युद्ध विराम के बाद लेबनान में मौतों का सिलसिला तो थम गया, लेकिन अभी गाजा में यह लगातार जारी है। इजरायल के हवाई हमलों में रोजाना दर्जनों लोग मारे जा रहे हैं। मगर अब उम्मीद है कि जल्द गाजा में भी मौतों का यह तांडव थम जाएगा। हमास के एक नेता ने बृहस्पतिवार को इजरायल के साथ युद्ध विराम वार्ता बहाल होने का दावा किया है। हमास ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थों ने गाजा में युद्ध विराम के लिए हमास और इजराइल के साथ बातचीत फिर से शुरू कर दी है और 14 महीने से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए समझौता हो जाने की उम्मीद है।

कतर ने इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम को लेकर बातचीत आगे नहीं बढ़ पाने से निराश होकर मिस्र और अमेरिका के मध्यस्थों के साथ वार्ता को पिछले महीने निलंबित कर दिया था। हमास के नेता बासेम नैम ने तुर्किये में बताया कि युद्ध को समाप्त करने, गाजा से बंधकों को रिहा करने और इजरायल में फिलस्तीनी कैदियों को मुक्त करने के प्रयासों को हाल के दिनों में ‘‘पुनः सक्रिय’’ किया गया है। वार्ता की जानकारी रखने वाले एक अन्य अधिकारी ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर कतर के मध्यस्थों के फिर से बातचीत शुरू करने की पुष्टि की। वार्ता बाधित होने के बाद से वैश्विक और क्षेत्रीय परिदृश्य में उल्लेखनीय बदलाव हुए हैं।

ट्रंप के राष्ट्रपति निर्वाचित होने के बाद जंग लड़ने वालों का बदलने लगा दृष्टिकोण

डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद का चुनाव जीत लिया है और पिछले सप्ताह लेबनान में इजरायल और हमास के सहयोगी हिजबुल्ला के बीच युद्ध विराम की घोषणा की गई। ट्रंप इजरायल के कट्टर समर्थक हैं, लेकिन नैम का मानना ​​है कि अमेरिका का भावी प्रशासन ‘‘स्थिति को सकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकता है’’ क्योंकि ट्रंप ने इस क्षेत्र में युद्धों को रोकने को अपने चुनाव प्रचार अभियान का हिस्सा बनाया था। हमास के नेतृत्व वाले चरमपंथियों ने सात अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इजरायल में हमला किया था जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और लगभग 250 लोगों को बंधक बना लिया गया था। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इसके बाद इजरायल के भीषण जवाबी हमले में कम से कम 44,500 फिलस्तीनी मारे गए हैं।

About GE-Live

Check Also

PTI के लॉन्ग मार्च से पहले पंजाब में धारा 144, आतंकी हमले की आशंका

पाकिस्तान में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के प्रस्तावित लॉन्ग मार्च से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर …