वाशिंगटन: अमेरिका से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 34 साल के एक शख्स को यौन संपर्क के माध्यम से एचआईवी फैलाने का प्रयास करने के लिए कम से कम 30 साल जेल की सजा हुई है। सीबीएस न्यूज के मुताबिक, अलेक्जेंडर लुई ने 30 से 50 अलग-अलग पुरुषों और लड़कों के साथ यौन संबंध बनाने की बात स्वीकार की है, इनमें 16 साल का बच्चा भी शामिल है। अलेक्जेंडर ने इस दौरान जानबूझकर अपने स्वास्थ्य के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। उसने अन्य लोगों को नहीं बताया कि वह एचआईवी पॉजिटिव है जिससे वह दूसरों को भी इस बीमारी से संक्रमित कर सके।
ऐसे पकड़ा गया शातिर
अमेरिका में इस मामले की जांच पिछले साल अगस्त में शुरू हुई थी। लुई ने एक ऐसे शख्स के साथ ‘ऑनलाइन यौन संबंधित बातचीत’ शुरू की थी जिसके बारे में उसका मानना था कि वह एक 15 साल का लड़का था, लेकिन शख्स वास्तव में एक जासूस था। दोनों ने ऑनलाइन बातचीत की और फिर मिलने के लिए सहमत हुए। अधिकारियों ने कहा कि इंटरनेट चैट के जरिए किशोर लड़के को अश्लील तस्वीरें भेजीं गईं और कहा कि वह उनकी मुलाकात का वीडियो टेप बनाने जा रहा है। बातचीत के मुताबिक जब दोनों तय जगह पर पहुंचे तो पुलिस ने लुई को सितंबर 2023 में बच्चों को लुभाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
दवा नहीं ले रहा था लुई
पुलिस ने कहा कि लुई एचआईवी पॉजिटिव है और वह अपनी दवा नहीं ले रहा था। लुई जानबूझकर पुरुषों और किशोर लड़कों के साथ यौन संपर्क कर रहा था ताकि उनमें एचआईवी फैल सके। उसने संपर्क में आए सभी लोगों से एचआईवी स्थिति के बारे में झूठ बोला था। लुई ने कबूल किया है कि उसने 30 से 50 अलग-अलग पुरुषों और लड़कों के साथ यौन संबंध बनाए हैं। अब कोर्ट ने लुई को जेल की सजा सुनाई है।
Global Express Live