एशिया कप 2025 में सेलेक्शन के कुछ घंटों बाद ही रिंकू सिंह बुरी तरह फ्लॉप हो गए. वह अपने चयन को सही साबित नहीं कर पाए, क्योंकि यूपी टी20 लीग के दूसरे मैच में केवल 23 रन बनाकर आउट हो गए. मेरठ मेवरिक्स का सामना लखनऊ फैलकंस से हुआ, जिसमें मेरठ ने पहले खेलते हुए 150 रन बनाए. इस टीम के लिए सबसे ज्यादा रन स्वास्तिक चिकारा ने बनाए, जिन्होंने 32 रन की पारी खेली.
मेरठ मेवरिक्स की कप्तानी रिंकू सिंह कर रहे हैं. लखनऊ फैलकंस के खिलाफ मुकाबले में वह नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरे और 19 गेंदों पर 23 रन बनाए, जिसमें 3 चौके शामिल रहे. उन्हें लखनऊ के गेंदबाज पर्व सिंह ने क्लीन बोल्ड किया. टूर्नामेंट के पहले मैच में मेरठ ने 225 रन बनाए थे, लेकिन उस मुकाबले में रिंकू को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था.
बतौर फिनिशर रिंकू सिंह का फॉर्म चिंता का विषय
रिंकू सिंह ने IPL 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 11 पारियों में केवल 206 रन बनाए थे और कई मौकों पर मैच खत्म करने में नाकाम रहे थे. वहीं अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में पिछली 5 पारियों में उन्होंने सिर्फ 67 रन बनाए हैं और उनकी आखिरी टी20 फिफ्टी बांग्लादेश के खिलाफ आई थी. फिनिशर की भूमिका के साथ रिंकू एशिया कप में भारतीय टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे, लेकिन उनके हालिया आंकड़े उत्साहजनक नहीं हैं.
अब तक अपने 33 मैचों के टी20 करियर में रिंकू ने 3 अर्धशतक समेत 546 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 161 से ऊपर है. यह देखना दिलचस्प होगा कि सितारों से भरी एशिया कप टीम में उन्हें किस क्रम पर बल्लेबाजी का मौका मिलता है.
Global Express Live