Breaking News

अयोध्या में धान खरीद अभियान तेज: 1.14 लाख क्विंटल खरीदा, 3000 किसानों को 25.45 करोड़ का भुगतान

अयोध्या जनपद में खरीफ विपणन वर्ष के अंतर्गत सरकारी धान खरीद अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। अब तक जिले के करीब 3,000 किसानों से कुल 1 लाख 14 हजार 615 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 25 करोड़ 45 लाख रुपये का भुगतान भी किया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक संबल मिला है।

शासन की ओर से इस वर्ष जिले के लिए 68,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य की पूर्ति के लिए जनपद में 68 क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। धान खरीद की प्रक्रिया 1 नवंबर से प्रारंभ हुई थी, जो 28 फरवरी तक जारी रहेगी।

सरकारी समर्थन मूल्य के अनुसार कॉमन धान 2369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान 2389 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और बिचौलियों पर निर्भरता को समाप्त करना है।

धान बिक्री के लिए जिले में अब तक 12,339 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 9,059 किसानों का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि शेष किसानों का सत्यापन कार्य प्रगति पर है। सत्यापन पूर्ण होने के बाद किसान क्रय केंद्रों पर धान बेच सकते हैं।

जिला विपणन अधिकारी ने बताया कि निर्धारित धान खरीद लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाएगा। रबी फसल की बुवाई के चलते शुरुआती दिनों में खरीद की रफ्तार धीमी रही, लेकिन अब बुवाई पूरी होने के बाद किसान बड़ी संख्या में क्रय केंद्रों पर पहुंच रहे हैं, जिससे खरीद में तेजी आई है।

किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते पंजीकरण और सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराकर निर्धारित अवधि के भीतर नजदीकी क्रय केंद्रों पर अपनी उपज बेचें, ताकि उन्हें सरकारी समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके।

About GE-Live

Check Also

बिजनौर में 10 लाख रुपये की आतिशबाजी की ठगी, व्यापारी समेत तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पटाखा फैक्ट्री से करीब 10 लाख रुपये की आतिशबाजी …