अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात अलास्का में हुई थी। इस बैठक के बाद पुतिन ने वापस लौटते समय अपने तीन विमानों में ईंधन भरवाने के लिए लगभग 2.5 लाख डॉलर (करीब 2.2 करोड़ रुपये) नकद में भुगतान किया। इसकी जानकारी अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दी।
रुबियो ने बताया कि रूस पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों के चलते पुतिन के प्रतिनिधिमंडल को कैश में पेमेंट करना पड़ा क्योंकि वे अमेरिकी बैंकिंग सिस्टम का इस्तेमाल नहीं कर सकते। उनका कहना था कि प्रतिबंध आज भी पूरी तरह लागू हैं और रूस पर असर डाल रहे हैं, लेकिन इससे युद्ध की दिशा नहीं बदली है।
रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन की टीम अलास्का में लगभग पांच घंटे तक रही और संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के तुरंत बाद वहां से रवाना हो गई। ट्रंप ने यह भी साफ किया कि इस बैठक के दौरान कोई समझौता नहीं हुआ, हालांकि रूस की ओर से एक प्रस्ताव अब भी चर्चा के लिए मौजूद था और संकेत मिल रहे थे कि ट्रंप यूक्रेन को उस पर विचार करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे थे।
Global Express Live