महराजगंज में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही के दो अलग-अलग मामलों में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने कार्रवाई की है। राजकीय महिला चिकित्सालय नौतनवा में तैनात डॉ. सेफाली गुप्ता नियम के विपरीत सोमवार सुबह 9 बजे तक अस्पताल नहीं पहुंचीं। कार्यदिवस का निर्धारित समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक है।
सोशल मीडिया से डॉक्टर की अनुपस्थिति की सूचना मिलने पर सीएमओ ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने डॉ. गुप्ता का एक दिन का वेतन रोक दिया और स्पष्टीकरण मांगा। सीएमओ ने भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
दूसरा मामला सीएचसी निचलौल का सामने आया है। 20 जुलाई की रात 10:30 बजे स्टाफ नर्स नीलम श्रीवास्तव ने एक प्रसूता को भर्ती करने से मना कर दिया। उन्होंने प्रसव का समय न होने का कारण बताया। महिला को मजबूरी में प्राइवेट अस्पताल जाना पड़ा।
मीडिया से जिलाधिकारी को घटना की जानकारी मिली। सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. उमेश चंद्र सिंह को नोटिस जारी कर दिया है। उन्हें मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
Global Express Live