न्यूयॉर्कः अमेरिका की पहली हिंदू सांसद और नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कैबिनेट में राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी (सीआईए) की प्रमुख नामित तुलसी गाबार्ड ने अक्षरधाम मंदिर पहुंचकर पूजन-अर्चन किया। उन्होंने मंदिर परिसर में अपनी कई तस्वीरें खिंचवाईं और इसके बाद अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर दिल छू लेने वाली बात लिखी। बता दें कि तुलसी गाबार्ड राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सबसे भरोसमंद साथियों में हैं। ट्रंप ने उन्हें सीआईए प्रमुख की जिम्मेदारी दी है। तुलसी गाबार्ड भारत और हिंदुओं से बेहद लगाव रखती हैं।
न्यूयॉर्क स्थित अक्षरधाम मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद उन्होंने पोस्ट किया, “प्रतिष्ठित अक्षरधाम मंदिर यूएसए का बीती रात दौरा करना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही। मैं देश भर से एकत्र हुए हिंदू नेताओं, रॉबिन्सविले के मेयर और परिषद के सदस्यों और एकता की विशेष शाम के लिए प्रार्थना व संगति में एकत्र हुए हजारों लोगों के गर्मजोशी से स्वागत के लिए आभारी हूं।” तुलसी गाबार्ड के इस पोस्ट ने अमेरिका के हजारों हिंदुओं का दिल जीत लिया।
मंदिर में जुटे दुनिया भर के हिंदू और उनके धर्मगुरु
विश्व शांति और एकता के लिए यह एक ऐसी शाम थी, जिसमें दुनिया भर के हिंदुओं और उनके धर्म गुरुओं का यहां जमावड़ा था। तुलसी गाबार्ड का यहां हिंदू धर्मगुरुओं और उनके समूहों ने जोरदार स्वागत किया। हिंदुओं और उनके धर्मगुरुओं के इस स्वागत से तुलसी गाबार्ड अभिभूत हो गई। उन्होंने भी खुद के हिंदू होने का गर्व महसूस किया। बता दें कि तुलसी गाबार्ड 2022 तक डेमोक्रेटिक पार्टी में शामिल थीं और वह भी राष्ट्रपति पद 2024 के लिए दावेदार थीं। मगर बाद में उन्होंने अपना दावा छोड़ दिया और ट्रंप के साथ हो लीं।
Global Express Live