क्या विराट कोहली और रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलियाई दौरे के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे? पिछले 24 घंटे में इस तरह की अटकलें तेज़ हो गईं कि अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलकर दोनों अपना वनडे करियर खत्म कर सकते हैं। वे पहले ही टी20 और टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। यह भी चर्चा थी कि अगर वे वनडे टीम में चयन के लिए उपलब्ध रहना चाहते हैं, तो उन्हें घरेलू 50 ओवर के टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में खेलना होगा।
इस बीच, बोर्ड के एक वरिष्ठ सूत्र ने बताया कि फिलहाल विराट या रोहित का भविष्य उनके लिए चिंता का विषय नहीं है। इस समय पूरा ध्यान सितंबर में होने वाले एशिया कप 2025 और अगले साल के टी20 वर्ल्ड कप पर है। सूत्र ने कहा कि अगर दोनों संन्यास लेना चाहेंगे तो इसकी जानकारी बोर्ड को दे देंगे, जैसे उन्होंने टेस्ट से संन्यास से पहले दी थी। फिलहाल लक्ष्य इन दोनों टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ टीम उतारना है।
सूत्र ने यह भी स्पष्ट किया कि इतने लोकप्रिय खिलाड़ियों के मामले में कोई भी फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया जाएगा। साथ ही, उस दावे को भी खारिज किया गया जिसमें कहा गया था कि 25 अक्टूबर को सिडनी में रोहित और विराट को रिटायरमेंट मैच का प्रस्ताव दिया गया है।
Global Express Live