Breaking News

नौकरी दिलाने का झांसा देकर 20 लाख की ठगी, पीड़ित को सुलह का दबाव और जान से मारने की धमकी

नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। जौनपुर निवासी एक व्यक्ति ने सुल्तानपुर के लंभुआ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उससे करीब 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। इतना ही नहीं, अब आरोपी पक्ष द्वारा उस पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है और जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।

पीड़ित सुरेंद्र कुमार शुक्ला ने अपनी तहरीर में बताया कि लंभुआ थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर भरखरे निवासी पदमकांत दुबे से उसकी जान-पहचान थी। आरोपी ने सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाते हुए 25 लाख रुपये की मांग की। शुरुआत में असमर्थता जताने पर आरोपी ने कहा कि ज्वाइनिंग लेटर मिलने के बाद ही शेष रकम ली जाएगी।

पीड़ित के अनुसार, भरोसे में आकर उसने अलग-अलग किस्तों में आरोपी के खाते में लाखों रुपये ट्रांसफर किए, जबकि कुछ रकम नकद भी दी गई। कुल 20 लाख रुपये देने के बाद जब उसे ज्वाइनिंग लेटर मिला तो जांच में वह फर्जी निकला। धोखाधड़ी का खुलासा होने पर पीड़ित को कर्ज चुकाने के लिए अपनी जमीन तक बेचनी पड़ी।

जब पीड़ित ने आरोपी से रकम वापस करने की मांग की तो काफी दबाव के बाद कुछ धनराशि लौटाई गई, लेकिन शेष रकम देने से साफ इनकार कर दिया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि इस ठगी में आरोपी के साथ अन्य लोग भी शामिल थे।

अब पीड़ित का कहना है कि आरोपी, उसके परिजन और सहयोगी थाने में दी गई शिकायत पर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। सुलह न करने पर पूरे परिवार को जान से खत्म कराने की धमकी दी जा रही है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

About GE-Live

Check Also

मैनपुरी के सुल्तानगंज में रामलीला का भूमि पूजन, किसानों और युवाओं के लिए लगेगी खास प्रदर्शनी

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के सुल्तानगंज कस्बे में प्राचीन रामलीला आयोजन की तैयारियां …