अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान संघर्ष को व्यापार कूटनीति के साथ खत्म कराने के अपने दावे को दोहराया है। हालांकि यह बात वह पहले भी कई बार कह चुके हैं, लेकिन इस बार उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें सात युद्धों को समाप्त करने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया जाना चाहिए।
ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने एक रात्रिभोज कार्यक्रम में कहा, “विश्व मंच पर हम एक बार फिर ऐसे काम कर रहे हैं, जिसके लिए हमें उस स्तर का सम्मान मिल रहा है, जो पहले कभी नहीं मिला।”
ट्रंप ने बताया कि कौन-कौन से युद्ध रुकवाए
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार ने कई शांति समझौते कराए और युद्धों को रोका। उन्होंने कहा, “भारत और पाकिस्तान, थाईलैंड और कंबोडिया के बीच युद्ध रोक दिए। भारत और पाकिस्तान के बारे में सोचिए। मैंने इसे व्यापार के जरिए रोका। वे व्यापार करना चाहते हैं और मैं दोनों नेताओं का बहुत सम्मान करता हूं। आप इन सभी युद्धों पर नज़र डालिए, जिन्हें हमने रोका है।”
उन्होंने आगे दावा किया कि भारत, पाकिस्तान, थाईलैंड, कंबोडिया, आर्मेनिया, अज़रबैजान, कोसोवो और सर्बिया, इज़राइल और ईरान, मिस्र और इथियोपिया, रवांडा और कांगो के बीच हुए संघर्षों को उन्होंने थमवाया। उनका कहना था कि इनमें से 60 प्रतिशत युद्ध व्यापार की वजह से रुके। ट्रंप ने कहा, “भारत के मामले में अगर आप युद्ध करेंगे और आपके पास परमाणु हथियार हैं, तो हम कोई व्यापार नहीं करेंगे। यह सुनकर उन्होंने रोक दिया।”
रूस-यूक्रेन युद्ध पर बयान
रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि उन्हें कहा गया था कि अगर वह इस संघर्ष को खत्म कर दें तो उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिल सकता है। उन्होंने जवाब दिया, “बाकी सातों का क्या? मुझे हर एक के लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए।” ट्रंप ने कहा कि उन्होंने सात युद्ध रोक दिए, जबकि रूस-यूक्रेन एक बड़ा युद्ध है।
Global Express Live