Breaking News

भाजपा के पहले सांसद ने केरल में कमल खिलाकर चमत्कार किया है।

लोकसभा चुनाव 2024 का परिणाम सामने आ चुका है। भाजपा को बहुमत से कम सीटें मिली हैं लेकिन उसके नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को पूर्ण बहुमत है। भाजपा के लिए इस चुनाव परिणाम में केरल से भी खुशखबरी सामने आई। केरल में पहली बार भाजपा को एक लोकसभा सीट पर जीत मिली है। पार्टी के प्रत्याशी सुरेश गोपी ने राज्य की त्रिशुर लोकसभा सीट से 75 हजार से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की है। आइए जानते हैं सुरेश गोपी के बारे में कुछ खास बातें।

कौन हैं सुरेश गोपी?

केरल में भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा चुनावों में जीत का स्वाद चखाने वाले सुरेश गोपी मलयाली फिल्मों के अभिनेता हैं जिन्होंने राजनीति की ओर रुख किया है। मणिचित्राथाझु, ए नॉर्दर्न स्टोरी ऑफ वेलोर और ओरु सीबीआई डायरी कुरिप्पु सहित 250 से ज्यादा चर्चित फिल्मों में काम किया है। गोपी को 1998 में उनकी फिल्म कलियाट्टम के लिए  राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार मिला था।

भाजपा से कैसे बना रिश्ता?

सुरेश गोपी का जन्म केरल के अलप्पुझा जिले में हुआ था। फिल्मों में अभिनय से प्रसिद्ध हुए गोपी राष्ट्रपति द्वारा नामित 29 अप्रैल 2016 को राज्यसभा के लिए नामित किए गए थे। इसके बाद सुरेश गोपी अक्टूबर 2016 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे।

कई चुनावों में मिली थी हार

साल 2019 में सुरेश गोपी त्रिशूर से लोकसभा चुनाव में हार गये थे। उन्हें 2021 के विधानसभा चुनाव में भी हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, इस बार गोपी चुनाव जीत गए। गोपी ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के उम्मीदवार वी एस सुनील कुमार को एक दिलचस्प मुकाबले में हराया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद मुरलीधरन इस सीट से तीसरे नंबर पर रहे।

कितनी संपत्ति के हैं मालिक?

सुरेश गोपी ने अपने चुनावी हलफनामे में 12 करोड़ रुपये से अधिक की चल और अचल संपत्ति घोषित की है। गोपी ने दो अप्रेल को जमा किए गए हलफनामे में वित्तीय वर्ष 2023-24 में 4,39,68,960 रुपये की आय घोषित की है। आठ वाहनों और 1025 ग्राम सोना मिलाकर उनकी चल संपत्ति चार करोड़ रुपये से कुछ अधिक है। हलफनामे के अनुसार अभिनेता की अचल संपत्ति वर्तमान में कुल 8,59,37,943 रुपये है, जिसमें कृषि भूमि के दो भूखंड, गैर-कृषि भूमि के सात भूखंड और सात आवासीय भवन शामिल हैं।

 

About GE-Live

Check Also

हैदराबाद हनी ट्रैप केस में बड़ा अपडेट, आरोपी पवन कुमार 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया

हैदराबाद में कथित हनी ट्रैप और जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार 23 वर्षीय कोंडाभट्टुला …