Breaking News

पंजाब समेत 13 राज्यों में आज तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, कई स्थानों पर ओले गिरेंगे

नई दिल्लीः देश में भीषण गर्मी के बीच आज कई राज्यों में झमाझम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 14 अप्रैल को मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, राजस्थान, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जगहों पर तेज हवाओं (आंधी) के साथ ओले गिरने की संभावना है।

आंधी के साथ पड़ सकते हैं ओले

मौसम विभाग ने कहा कि छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र राज्यों में भी आज और कल गरज,बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा आज सिक्किम और मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि होने की संभावना है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश और असम के कई हिस्सों में 16 अप्रैल को भारी बारिश हो सकती है।

किसानों की फसलों को हो सकता है नुकसान

बारिश होने से इन राज्यों के तापमान में गिरावट आएगी जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि आंधी के साथ बारिश और ओले गिरने से किसानों की फसलों को नुकसान हो सकता है। इस समय किसान गेहूं की फसल की कटाई और मड़ाई कर रहे हैं। हरियाणा, पंजाब, यूपी और मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर गेहूं की फसल होती है।

यहां पर गर्मी का येलो अलर्ट

वहीं, देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने ओडिशा और आंध्र प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां पर अलग-अलग स्थानों में 16 अप्रैल हीटवेव (लू) चलने की संभावना है।

दिल्ली का मौसम

मौसम विभाग ने दिल्ली में शनिवार को सामान्य रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश, धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। उसने शाम को जोरदार हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान व्यक्त किया है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 23 और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को दिन का तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो इस साल जनवरी से अब तक का सर्वाधिक अधिकतम तापमान है।

 

About GE-Live

Check Also

11 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी

देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। India Meteorological …