Amethi में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण लगाने और हादसों में होने वाली मौतों को कम करने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू की है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक Saravanan T. ने देर रात पुलिस अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर सड़क सुरक्षा को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की।
यह बैठक गौरीगंज स्थित पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष और यातायात विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का आयोजन ZFD (Zero Fatality District) योजना के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य सड़क हादसों को कम करके जिले को ‘शून्य मृत्यु दर’ वाले जिलों की सूची में शामिल करना है।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर रहेगा खास फोकस
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही गठित क्रिटिकल कॉरिडोर टीम को पूरी तरह सक्रिय करने को कहा गया, ताकि हाईवे और व्यस्त मार्गों पर प्रभावी कार्रवाई हो सके।
तेज रफ्तार और शराब पीकर ड्राइविंग पर सख्ती
पुलिस प्रशासन ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए रडार गन के इस्तेमाल पर जोर दिया है। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच के लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीनों का उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों और मुख्य सड़कों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए भी कहा गया।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक में स्पष्ट किया गया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक Gyanendra Kumar Singh समेत जिले के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Global Express Live