Breaking News

बजट 2026 के बाद पीएम मोदी का बड़ा बयान: ‘27 देशों के साथ हुआ समझौता गेमचेंजर’

केंद्रीय बजट 2026-27 पेश किए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे समावेशी विकास का बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में मजबूत आधार तैयार करेगा। प्रधानमंत्री के मुताबिक, बजट में जालंधर, लुधियाना समेत देश के कई शहरों को बड़े विकास केंद्रों के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया है।

गुरु रविदास जयंती पर बोले पीएम मोदी

रविवार को गुरु रविदास जयंती के अवसर पर डेरा सचखंड बल्लां में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद में पेश बजट में करीब 17 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे गांवों, गरीबों, किसानों और युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, किसानों की आय बढ़ाने और आत्मनिर्भर भारत व मेक इन इंडिया जैसे अभियानों को नई गति देगा।

यूरोपीय यूनियन के साथ समझौते का जिक्र

प्रधानमंत्री ने यूरोपीय यूनियन के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे वैश्विक स्तर पर ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ कहा जा रहा है। उनके अनुसार, इस समझौते से भारत और 27 यूरोपीय देशों के बीच व्यापार को नई मजबूती मिलेगी, क्योंकि अब भारतीय उत्पादों के निर्यात पर टैक्स का बोझ काफी कम होगा।

पंजाब को मिलेगा सीधा फायदा

पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब अपने मेहनती श्रमिकों और कुशल युवाओं के लिए जाना जाता है और यह व्यापार समझौता राज्य के लिए बड़े अवसर लेकर आएगा। जालंधर, लुधियाना और अमृतसर जैसे शहरों में कपड़ा उद्योग से जुड़े लाखों लोगों को यूरोपीय बाजारों तक सीधी पहुंच मिलेगी।

कारखानों में बढ़ेंगे ऑर्डर, रोजगार के नए अवसर

प्रधानमंत्री के अनुसार, यूरोपीय बाजारों में भारतीय कपड़ों की मांग बढ़ने से पंजाब के कारखानों में ऑर्डर बढ़ेंगे और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। डिजाइन, उत्पादन और सप्लाई से जुड़े क्षेत्रों में युवाओं को काम मिलेगा। इसके साथ ही जालंधर के खेल सामग्री उद्योग को भी इस समझौते से फायदा होने की उम्मीद है।

किसानों और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा

पीएम मोदी ने कहा कि इस व्यापार समझौते से भारत के प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद यूरोपीय देशों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इससे मोगा, फिरोजपुर, होशियारपुर और बठिंडा जैसे इलाकों के किसानों को लाभ होगा और कृषि से जुड़े युवाओं के लिए नए अवसर बनेंगे।

गुणवत्ता पर समझौते से इनकार

प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों और निर्माताओं से उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पाद जहां भी जाएंगे, वे देश की पहचान बनेंगे। अगर गुणवत्ता से समझौता किया गया तो वैश्विक प्रतिस्पर्धा में पीछे रह जाने का खतरा रहेगा।
उनके मुताबिक, भारत में बने उत्पादों की सबसे बड़ी ताकत उनकी गुणवत्ता होनी चाहिए, तभी देश वैश्विक बाजारों में अपनी मजबूत पकड़ बना पाएगा।

About GE-Live

Check Also

बंगाल चुनाव से पहले Trinamool Congress को झटका, Calcutta High Court ने खारिज की याचिका

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना से ठीक पहले सत्तारूढ़ Trinamool Congress को बड़ा …