Breaking News

INDW बनाम SAW: भारतीय टीम ने तीसरे टी20 मैच में 10 विकेट से एकतरफा जीत हासिल की, जिससे सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म हुई।

INDW vs SAW 3rd T20I match Report: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मैच को 10 विकेट से एकतरफा जीतने में सफल रही। इस मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, जिसके बाद पूजा वस्त्राकर और राधा यादव की शानदार गेंदबाजी के दम पर अफ्रीकी टीम की पारी को सिर्फ 84 रनों के स्कोर पर ही समेट दिया। इस आसान टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने मुकाबले को 10.5 ओवर्स के अंदर ही अपने नाम कर लिया। इसी के साथ टीम इंडिया इस सीरीज को 1-1 की बराबरी पर भी खत्म करने में सफल रही।

वस्त्राकर और राधा यादव ने मिलकर हासिल किए 7 विकेट

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, जिसके बाद टीम इंडिया के गेंदबाजों ने अफ्रीकी बल्लेबाजों को बिल्कुल भी खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। पहले 6 ओवर्स में ही साउथ अफ्रीकी महिला टीम ने अपने 2 विकेट गंवा दिए थे तो वहीं 61 के स्कोर तक उनकी आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। यहां से टीम इंडिया के गेंदबाजों ने अफ्रीका की टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और 17.1 ओवर्स में उनकी पारी को 84 के स्कोर पर समेट दिया। अफ्रीकी महिला टीम की पारी में सिर्फ 3 ही बल्लेबाज दहाई आंकड़ा छूने में कामयाब हो सके। जिसमें 20 रनों का सर्वाधिक स्कोर ताजमीन ब्रिट्स के बल्ले से देखने को मिला। भारत की तरफ से गेंदबाजी में पूजा वस्त्राकर ने 3.1 ओवर्स में जहां 13 रन देकर 4 विकेट हासिल किए तो वहीं राधा यादव ने 3 ओवर्स में 6 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा अरुंधती रेड्डी, श्रेयंका पाटिल और दीप्ति शर्मा भी 1-1 विकेट लेने में कामयाब रही।

मंधाना और शेफाली की जोड़ी ने दिलाई आसान जीत

85 रनों के आसान टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जोड़ी ने आसान जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। जहां दोनों ने पहले 6 ओवर्स में टीम का स्कोर 40 रनों तक पहुंचा दिया तो वहीं इसके बाद 10.5 ओवर्स में बिना किसी नुकसान के लक्ष्य भी हासिल कर लिया। मंधाना ने 40 गेंदों में 54 रनों की नाबाद पारी खेली तो वहीं शेफाली ने 25 गेंदों में 27 रन बनाए। अब भारतीय महिला टीम श्रीलंका में होने वाले एशिया कप में खेलते हुए दिखी जिसमें 19 जुलाई को टीम इंडिया का मुकाबला पाकिस्तान की महिला टीम से होगा।

 

About GE-Live

Check Also

यशस्वी जायसवाल रणजी टीम से बाहर, KKR के अंगकृष रघुवंशी को मिला मौका; मुंबई के स्क्वॉड में दो बदलाव

रणजी ट्रॉफी 2026-27 के आगामी मुकाबले से पहले मुंबई की टीम में बदलाव किए गए …