भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अहमदाबाद में 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए बोली लगाने को मंजूरी दे दी है। यह फैसला 27 अगस्त को लिया गया, जिसके लिए सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए गए और भारत की बोली मंजूर होने पर गुजरात सरकार को सहायता देने पर भी सहमति बनी।
राष्ट्रमंडल खेलों में 72 देशों के एथलीटों के भाग लेने की उम्मीद है और खेलों का आयोजन दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में भी किया जा सकता है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने युवा मामले एवं खेल मंत्रालय को बोली की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का अधिकार दिया है। मेजबानी के प्रयासों के लिए अलग-अलग मंत्रालयों, प्राधिकरणों और विभागों से आवश्यक गारंटियों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
गुजरात के अहमदाबाद को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए प्रस्तावित शहर के रूप में चुना गया है। अहमदाबाद का बुनियादी ढांचा, जिसमें नरेंद्र मोदी स्टेडियम भी शामिल है, पहले ही बड़े इवेंट की सफल मेजबानी करने की क्षमता साबित कर चुका है। यहां 2023 ODI वर्ल्ड कप फाइनल का सफल आयोजन हुआ था।
आमतौर पर इस स्तर के आयोजन में दुनिया भर के एथलीट, कोच, टीम अधिकारी, कर्मचारी, पर्यटक और मीडिया प्रतिनिधि शामिल होते हैं। अगर भारत को मेजबानी मिलती है तो इससे क्षेत्र को आर्थिक दृष्टि से बड़ा लाभ हो सकता है।
इन खेलों का आयोजन केवल खेल जगत में भारत का नाम ऊंचा नहीं करेगा, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देगा, रोजगार के अवसर पैदा करेगा और युवा एथलीटों को प्रेरणा भी देगा। राष्ट्रमंडल खेलों में वही देश भाग लेते हैं, जिन पर कभी ब्रिटिश शासन हुआ करता था।
Global Express Live