बदायूं में गंगा और रामगंगा नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। गंगा नदी खतरे के निशान से 63 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है, जबकि नरौरा, हरिद्वार और बिजनौर डैम से कुल 5,18,160 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
जिले की दातागंज, सहसवान और सदर तहसीलों के 40 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं और इनका जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। लोग आवागमन के लिए नावों का इस्तेमाल कर रहे हैं। गंभीर हालात के चलते तीन गांव खाली कराए गए हैं और वहां के निवासियों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया है।
कई गांवों में गंगा का पानी घुस चुका है, जबकि रामगंगा नदी के किनारे बसे अन्य गांव डूबने के कगार पर हैं। बाढ़ ने हजारों बीघा फसल को नुकसान पहुंचाया है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
Global Express Live