बिहार में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है, लेकिन अभी तक NDA और महागठबंधन के दलों के बीच सीट शेयरिंग का फैसला नहीं हो पाया है। हाल ही में बीजेपी की ओर से चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, विनोद तावड़े और मंगल पांडे ने चिराग पासवान से बैठक कर सीट शेयरिंग पर चर्चा की।
NDA में सीट बंटवारे का मामला लटका
LJP (रामविलास) के नेता चिराग पासवान की मांगों के कारण NDA में सीट बंटवारे का मामला अभी लटका हुआ है। सूत्रों के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में सीट बंटवारा तय होने की संभावना है और इसका जल्द ऐलान हो सकता है।
बीजेपी का ऑफर और चिराग की मांग
चिराग पासवान की पार्टी के पास बिहार में कुल पांच लोकसभा सांसद हैं: हाजीपुर, जमुई, वैशाली, समस्तीपुर और खगड़िया। हर लोकसभा क्षेत्र में औसतन 6-6 विधानसभा सीटें आती हैं। सूत्रों के अनुसार, बीजेपी ने लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन वाले विधानसभा क्षेत्रों की लगभग 22-23 सीटें चिराग की पार्टी को ऑफर की हैं, और कुछ अतिरिक्त सीटें भी दी जा सकती हैं।
चिराग पासवान चाहते हैं कि 2024 में जीती हुई पांच लोकसभा सीटों के आधार पर उनकी पार्टी को इन क्षेत्रों में दो-दो विधानसभा सीटें मिलें, जबकि बाकी सीटें अलग इलाकों में दी जाएं। इससे सिर्फ इन पांच लोकसभा सीटों से ही 10 विधानसभा सीटें तय हो जाएंगी और बाकी सीटें अन्य क्षेत्रों से मिलने पर पार्टी का विस्तार और मजबूती बढ़ेगी। इसके अलावा, पार्टी पिछले विधानसभा चुनाव के प्रदर्शन के आधार पर सम्मानजनक सीटों और बड़े नेताओं के लिए सीटें भी मांग रही है।
बरहमपुर, गोविंद गंज और हिसुआ की सीट पर पेच
साल 2020 विधानसभा चुनाव में अकेले लड़कर चिराग पासवान ने NDA को नुकसान पहुंचाया था, लेकिन इस बार बीजेपी चाहती है कि चिराग NDA के साथ रहें। इसके अलावा, कुछ सीटों पर बीजेपी और जेडीयू के सिटिंग विधायक हैं, जिनकी मांगें चिराग कर रहे हैं। बरहमपुर की सीट हुलास पांडेय, गोविंद गंज राजू तिवारी और हिसुआ सीट धीरेंद्र कुमार मुन्ना के लिए चिराग चाहते हैं।
सीट शेयरिंग को लेकर आगे की रणनीति
भाजपा नेताओं ने बैठक में चिराग की मांगों पर विचार करने और केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा के बाद फिर से बैठक करने की बात कही। चिराग पासवान 40 से ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं और सीटों के मामले में अधिक समझौता करने के मूड में नहीं हैं। इससे पहले भी चिराग कई बार भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर चुके हैं।
Global Express Live